Weather Update 24 january 2022: भागलपुर समेत कोसी-सीमांचल और पूर्व बिहार के इन जिलों में आज भी होगी बारिश
Weather Update 24 january 2022 कोसी सीमांचल और पूर्व बिहार के लोगों को अभी ठंड से राहत नहीं मिलेगी। आज भी इन इलाकों में बारिश हो सकती है। बिहार कृषि विवि के मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार...

संवाद सहयोगी, भागलपुर। Weather Update 24 january 2022: कोसी, सीमांलच और पूर्व बिहार के लोगों को अभी ठंड से राहत नहीं मिलेगी। आज भी ठंड का कहर जारी रहेगा। साथ ही बारिश के भी आसार हैं। भागलपुर शहर और इसके आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। मंगलवार से मौसम के साफ होने की उम्मीद है। पछुआ हवा तेज गति के चलेगी, जिससे ठंड बढ़ेगी। ऐसी स्थिति दो-तीन दिन रहेगी। फिर धीरे-धीरे ठंड कमने लगेगी। यूं कहें कि जनवरी के जाते-जाते ठंड भी विदा होने की स्थिति में पहुंच जाएगा।
मौसम का यही हाल कमोबेश भागलपुर के अलावा बांका, जमुई, लखीसराय, मुंगेर, खगडि़या, मधेपुरा, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, अररिया और किशनगंज में भी रहेगा। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि ठंड के अभी बढऩे के संकेत हैं। बादल छंटने के बाद तापमान में गिरावट आएगी। सोमवार को कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। दिन में बादल के बीच धूप खिलेगी। इस सप्ताह मौसम के मिजाज में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि मौसम खेती किसानी के लिए उपयुक्त है। नमी ज्यादा रहने के कारण खेतों में पानी की कम जरूरत होगी। मौसम अनुकूल रहने की वजह से गेहूं की बंपर पैदावार होने की संभावना है। अब हाड़ कंपाने वाली कनकनी नहीं होगी। जब-जब तेज पछुआ हवा चलेगी तब-तब ठंड बढ़ेगी। रविवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 93 प्रतिशत आद्रता के साथ 6.8 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से उत्तर पूर्व हवा चल रही है। हवा की दिशा और गति बदलने का अनुमान है।
सेहत का रखें विशेष ध्यान
मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। ऐसे में आप अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें। इसमें थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। डाक्टरों की माने तो अभी गुनगुने पानी का सेवन करें। बच्चों और बुजुर्गों को और भी अधिक देखभाल की जरूरत है।
Edited By Abhishek Kumar