भागलपुर का मौसम: अब नहीं होगी बारिश, जानिए आज कैसा रहेगा कोसी-सीमांचल और पूर्व बिहार का मौसम
कोसी सीमांचल और पूर्व बिहार में अब बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है। हालांकि अभी ठंड का प्रकोप रहेगा। बिहार कृषि विवि के मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मौसम का ये हाल अभी अगले कुछ...
संवाद सहयोगी, भागलपुर! अब बारिश नहीं होगी, लेकिन ठंड का असर रहेगा। मौसम ऐसा ही बना रहेगा। बुधवार को दोपहर सबौर से रानीतालाब तक झमाझम बारिश से सड़कें भीग गईं। हालांकि शहर और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हुई। मौसम में ठंडक बढ़ गई। बारिश होते ही अधिकतम पारा दो डिग्री गिर गया। हालांकि हवा की रफ्तार तेज नहीं होने के कारण शीतलहर जैसी स्थिति नहीं हुई।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 21.6, न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 97 प्रतिशत आद्रता के साथ 3.6 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से उत्तरी हवा चल रही है। हवा की दिशा बदलने की संभावना है। मौसम का ये हाल कोसी, सीमांचल और पूर्व बिहार के भागलपुर के अलावा बांका, जमुई, लखीसराय, मुंगेर, खगडि़या, मधेपुरा, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, अररिया और किशनगंज में बना रहेगा।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि अब बारिश नहीं होगी। मौसम ऐसा ही बना रहेगा। बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। सुबह देर से धूप निकलेगी।
हवा में गति कम रहने के कारण राहत मिलेगी। ठंड रहेगी, लेकिन हाड़ कंपाने वाली ठंड नहीं होगी।