हम भी आपके साथ मुस्तैद
लॉकडाउन को लेकर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। ये लोगों की सुरक्षा के लिए पूरे दिन धूप में मुस्तैद रहते हैं।
भागलपुर। लॉकडाउन को लेकर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। ये लोगों की सुरक्षा के लिए पूरे दिन धूप में मुस्तैद रहते हैं। ऐसे में हमारी भी उनके प्रति कुछ जिम्मेदारी भी बनती है। कुछ लोग इन पुलिस कर्मियों के लिए चाय, पानी आदि की व्यवस्था भी कर रहे हैं।
कुछ ऐसा ही नजारा शुक्रवार को परबत्ती धोबिया काली स्थान चौक पर देखने को मिला। दिन के करीब 12 बजे थे। तेज धूप थी। चौक पर कई पुलिस कर्मी तैनात थे। इसी बीच एक युवक पानी की बोतलों से भरा बैग लेकर वहां पहुंचा और सभी पुलिस कर्मियों को दिया। कुछ देर बाद चाय आदि की व्यवस्था की गई। यह युवक सुबोध कुमार है। वह विश्वविद्यालय का कर्मचारी है। लॉकडाउन के बाद इलाके में तैनात पुलिस कर्मियों के लिए वह फ्री में चाय व पानी की व्यवस्था कर रहा है।
सुबोध ने बताया कि लॉकडाउन के बाद हमलोग तो घर में हैं, लेकिन, हमारी सुरक्षा के लिए कड़ी धूप में पुलिस कर्मी चौराहों पर मुस्तैद रहते हैं। ऐसे में हमारा भी कुछ कर्तव्य बनता है। इनका सहयोग और हौसला बढ़ाने के लिए शहरवासियों को भी आगे आना चाहिए।