इंटेकवेल का मोटर पंप खराब, गहराने लगा जल संकट
भागलपुर। गंगा के घटते जलस्तर और मोटर पंप खराब होने के कारण बरारी वाटर वर्क्स के इंटेक
भागलपुर। गंगा के घटते जलस्तर और मोटर पंप खराब होने के कारण बरारी वाटर वर्क्स के इंटेकवेल के लिए जल संकट उत्पन्न हो गया है। वाटर वर्क्स के तालाब को प्रतिदिन 18 एमएलडी जल भंडारण की आवश्यकता है और शहर में 12 एमएलडी की आपूर्ति की जाती है, लेकिन मोटर पंप खराब होने के कारण आठ एमएलडी ही पानी की सप्लाई हो रही है। इससे आठ घंटे के बदले चार घंटे ही जलापूर्ति हो रही है। इससे 12 वार्डो की डेढ़ लाख की आबादी प्रभावित है।
वाटर वर्क्स से मानिक सरकार स्थित जलमीनार में पिछले तीन दिनों से पानी का भंडारण नहीं हुआ है। आदमपुर दीपनगर व मानिक सरकार के मोहल्ले के लोगों को पेयजल की सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। पानी के जुगाड़ में जहां-तहां लोग भटकने को विवश हैं। बाजार से पानी का जार मंगवा करा उपयोग करना पड़ रहा है।
जलस्तर गिरने से बढ़ी परेशानी
गत वर्ष दिसबंर में गंगा का जलस्तर गिरा था। अक्टूबर माह में जलस्तर कम होने से निगम की जलकल शाखा की नींद उड़ा दी है। ड्राई और वेट इंटेकवेल का 15 दिनों में 27 फीट जलस्तर गिरा है। बुधवार को इंटेकवेल का जलस्तर 10 फीट ही शेष बचा है। ड्राई के तीन व वेट इंटेकवेल के चार मोटर पंप से जल भंडारण किया जाता है। अब तीन मोटर पंप से वाटर वर्क्स के तालाब में पर्याप्त पानी का भंडारण नहीं हो रहा है। इससे जल भंडारण व जलशोधन के कार्यो पर असर पड़ा है। दरअसल, 19 अक्टूबर को ड्राई इंटेकवेल का दो मोटर पंप खराब पड़ा हैं। वेट इंटेकवेल के दो मोटर पंप से ही कार्य लिया जा रहा है। इसके कारण तीन तालाब में आधा ही पानी भरा है।
-------------------
कोट इंटेकवेल को पानी की समस्या नहीं होने वाली है। मोटर पंप खराब होने से समस्या हुई है। शुक्रवार को पंप लगाया जाएगा। कुछ मोहल्ले में टैंकर से जलापूर्ति की जा रही है।
सत्येंद्र वर्मा, उप नगर आयुक्त