BJP वर्चुअल रैली : सबका साथ, सबका विकास और सब को विश्वास में लेकर चलती है मोदी सरकार
Virtual rally जिले के सुल्तानगंज विधानसभा में वर्चुअल संवाद हुआ। इसमें दिल्ली और पटना से भाजपा नेता जुड़े। अध्यक्षता भाजपा के भागलपुर जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने की।
भागलपुर [उदय चंद्र झा]। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने पर सुल्तानगंज विधानसभा स्तरीय वर्चुअल जन संवाद रैली का आयोजन सुल्तानगंज में किया गया। मुख्य वक्ता के तौर पर रैली को दिल्ली से भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह भागलपुर के पूर्व सांसद सैयद शाहनवाज हुसैन एवं पटना से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने संबोधित किया। सुल्तानगंज के मंच पर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिले के भाजपा के वरीय नेताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
पटना के मंच से प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो सबका साथ सबका विकास और सब को विश्वास में लेकर चलती है। केंद्र सरकार की योजनाएं आज धरातल पर उतर रही हैं। समाज के अंतिम पायदान तक लोग योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज का श्रावणी मेला सम्मान और राजस्व का विषय रहा है। सुल्तानगंज के नाम से ही मन पवित्र हो उठता है। सुल्तानगंज के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि अगुवानी घाट पुल बनने से नॉर्थ बिहार के 19 जिले सुल्तानगंज से जुड़ जाएंगे। मेले के विकास के लिए सरकार ने इसे राजकीय मेले का दर्जा दे दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भागलपुर जिले के सात विधानसभा सीटों पर एनडीए उम्मीदवार कैसे जीतें, इसके लिए कार्यकर्ता अभी से मेहनत शुरू कर दें। पटना के मंच से भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राधा मोहन शर्मा और राजेश वर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
सुल्तानगंज से मेरा दिल का रिश्ता
दिल्ली के मंच से जुड़े पूर्व केंद्रीय मंत्री भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सुल्तानगंज से मेरा रिश्ता दिल का है। जिस वक्त चुनाव प्रचार में यहां आते थे तो यहां की जनता का भरपूर समर्थन मिलता था। उन्होंने कहा कि सीट शेयरिंग के पचड़े में कार्यकर्ता ना पड़ें। बस एकजुट होकर मजबूती से काम करें। राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व सीट शेयरिंग की बात करता है। लेकिन हमें अभी से चुनाव की तैयारियों में जुट जाना चाहिए।
लोगों की उम्मीद पर पूरी तरीके से खरी उतरी नरेंद्र मोदी सरकार
सुल्तानगंज के मंच से जिलाध्यक्ष रोहित पांडे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियां बताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धि और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी तरह लग जाएं। छोटे-छोटे उद्योग, स्वरोजगार आदि की स्थापना करें। किसानों को सहयोग करें। खेती और गो पालन पर जोर दें। उन्होंने विदेशी सामग्रियों का उपयोग नहीं करने को कहा। चीन और भारत के बीच हुए तनाव की चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र में सशक्त सरकार है। चीनी सेना और वहां के सरकार की हर चाल को फेल कर दिया जाएगा। भारतीय सेना सक्षम है। केंद्र सरकार भारतीय सेना को पूरी तरह छूट दे रखी है। भारतीय सेना यहां के स्वाभिमान की रक्षा कर लेगी। सभी देशवासी भारतीय सेना को हर प्रयास से सहयोग करें और उनका मनोबल बढ़ाएं। चायनीज सामग्री का पूरी तरह से बहिष्कार करें। मोबाइल से सारे चायनीज एप को डिलीट कर दें। उन्होंने कहा कि लोगों के उम्मीदों पर नरेंद्र मोदी की सरकार पूरी तरह खरा उतरी है। भाजपा जिले के प्रत्येक विधानसभा में चुनाव की तैयारी कर रही है।
विश्वगुरु बनेगा भारत
जिला भाजपा के उपाध्यक्ष सह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पवन मिश्रा ने कहा कि हर एक मोर्चे पर केंद्र सरकार सफल रही है। पिछले पांच साल का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा। एक साल के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए। लोगों की उम्मीद पर नरेंद्र मोदी सरकार पूरी तरीके से खरी उतरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश विश्वगुरु की ओर अग्रसर है। सीमा पर दुश्मनों का जवाब ठीक उसी की भाषा में दिया जा रहा है। चीनी सामानों का बहिष्कार करने का काम किया है। चीन के कई एप भारत में बंद कर दिए गए, इससे आने वाले दिनों में चीन की अर्थव्यवस्था की कमर टूटेगी।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष विजय कुशवाहा, गौरीशंकर उर्फ कन्हाई मंडल समेत विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों से भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे। जन संवाद रैली की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रोहित पांडे ने की। मंच पर जिला प्रभारी रामानंद चौधरी, जिला कार्यसमिति सदस्य अरुण चौधरी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष मुकेश सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन नगर अध्यक्ष नवीन कुमार बन्नी ने किया। कार्यक्रम के अंत में सब को शपथ दिलायी गयी जिसकी प्रक्रिया पूर्व नगर अध्यक्ष संजय चौधरी ने पूरी की। वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी प्यारे हिंद, इंदूभूषण झा भी मौजूद थे। इस संवाद कार्यक्रम में अकबरनगर, शाहकुंड, बाथ आदि इलाकों के भी कार्यकर्ता आए थे। हालांकि ज्यादातर कार्यकर्ता और आम लोग विभिन्न सोशल मीडिया साइट प्लेटफार्म से इस कार्यक्रम से जुड़े। प्रत्येक बूथ स्तर पर इस कार्यक्रम को आयोजित किया गया था।