BJP वर्चुअल रैली : सुल्तानगंज विधानसभा का कार्यक्रम आज, प्रदेश अध्यक्ष करेंगे संवाद को संबोधित
Virtual rally भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारी शुरू कर दी। कोरोना काल में कार्यकर्ता सोशल साइट के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़ रहे हैं। भागलपुर में लगातार Virtual rally हो रही है।
भागलपुर, जेएनएन। सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की वर्चुअल संवाद अब से कुछ देर बाद शुरू होगा। इस संवाद को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल पटना से संबोधित करेंगे। इसके अलावा दिल्ली से पूर्व सांसद सैयद शाहनवाज हुसैन भी संवाद में जुड़ेंगे। सुल्तानगंज विधानसभा का मुख्य समारोह घाट रोड स्थित बाबा रेस्ट हाउस में होगा। इसके अलावा सभी शक्तिकेंद्र और बूथों पर सोशल साइट के माध्यम से वर्चुअल संवाद को सुना जाएगा। कार्यकर्ता अपने-अपने घरों से भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। इस आयोजन को सफल करने के लिए जिला उपाध्यक्ष पवन मिश्रा कार्यकर्ताओं के साथ लगे हुए हैं। संवाद कार्यक्रम को भागलपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय भी संबोधित करेंगे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय करेंगे। इस कार्यक्रम में भाग लेने जिला के कई अधिकारी वहां जाएंगे। साढ़े तीन बजे से कार्यक्रम होगा।
इसके पूर्व भारतीय जनता पार्टी के युवा अध्यक्ष प्रभाष कुमार मिश्रा के आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता शाहकुंड मंडल अध्यक्ष रोबीन सिंह ने की। बैठक में एक जुलाई को सुल्तानगंज विधानसभा स्तरीय भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन की वर्चुअल रैली को सफल बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में पूर्व मंडल अध्यक्ष जवाहर प्रसाद सिंह, प्रफुल्ल कुमार सिंह, दिनेश सिंह, संजय पोद्दार आदि मौजूद थे।
हालांकि यहां यह भी जानना जरुरी है कि सुल्तानगंज विधानसभा सीट एनडीए का घटल दल जदयू के खाते में है। विधायक भी यहां जदयू के सुबोध राय हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी भी यहां पूरी शक्ति के साथ अपनी तैयारी कर रही है।
जिला मीडिया प्रभारी प्यारे हिंद ने बताया कि इससे पहले पीरपैंती और भागलपुर विधानसभा में वर्चुअल संवाद का आयोजन हो चुका है। आज सुल्तानगंज विधानसभा का है। उन्होंने कहा कि वे सुल्तानगंज के लिए निकल चुके हैं। एक सप्ताह के अंदर कहलगांव और नाथनगर विधानसभा में भी वर्चुअल संवाद का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी विधानसभा क्षेत्रों में अपनी चुनावी तैयारी कर रही है। केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों को पत्र भेजा था, जिसे जिले भर में घर-घर पहुंचाया गया।