गांव की एक महिला से प्रेम करना पड़ा भारी, ग्रामीणों ने युवक को पीट-पीट कर मार डाला
Murder of young man in love affair जिले के भदरिया गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई है। मृत युवक का गांव के ही एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
बांका, जेएनएन। बांका में एक युवक को एक महिला से प्रेम करना भारी पड़ गया। वह महिला भी उससे प्रेम करती थी। प्रेम प्रसंग का मामला तीन वर्ष से चल रहा था। इसका दुखद अंत आज हो गया। जब महिला के स्वजन और ग्रामीणों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। इस घटना के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस वहां पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने इस घटना के आरोपी एक दंपति को गिरफ्तार किया गया है। शव का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, लोधम पंचायत स्थित भदरिया गांव में बुधवार सुबह प्रेम-प्रसंग में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव के ही महेश यादव (21) के रूप में की गई है। उसका गांव की ही एक महिला के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। महिला के पति ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है।
मामले को लेकर कई बार गांव में पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन प्रेमी युगल पंचायत के फैसले को नहीं मानकर आपस में मिलते रहे। मामले में मृतक के पिता ने 11 लोगों को आरोपित किया है। पुलिस ने आरोपित व्यक्ति और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार महेश पिछले साल काम करने के लिए बेंगलुरु गया हुआ था। लॉकडाउन के दौरान वह गांव लौट आया। इसके बाद महिला उसे बार-बार मिलने के लिए बुलाने लगी। मंगलवार की रात महिला का पति किसी काम से बाहर गया हुआ था। महिला ने इस दौरान महेश को बुला लिया। इसी दौरान महिला का पति भी लौट आया। उसने अपनी पत्नी को महेश के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद पति ने महेश को स्वजनों के साथ मिलकर पेड़ से बांध दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। महेश को बचाने उसके पिता भी आरोपित के घर पर गए थे, लेकिन उन्हें भी पीटकर भगा दिया गया।
बुधवार सुबह महिला के पति और उसके स्वजनों ने छाती पर चढ़कर महेश को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान महेश की मौत हो गई। बाद में थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपित पति और महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में महेश के पिता के बयान पर किशनदेव यादव, कांग्रेस यादव, उमा यादव, कैलू यादव, शिबू यादव, गोङ्क्षवद यादव, जीतन यादव, काशी यादव, राजू यादव यादव, छोटू यादव सहित अन्य पर मामला दर्ज कराया है।