तीन लाख गांवों तक संगठन का विस्तार करेगी विहिप, बनी कार्ययोजना Bhagalpur News
विश्व हिन्दू परिषद हिन्दू हित में कार्य करती हैं। इस संगठन में हजारों ऐसे कार्यकर्ता में पूर्णकालिक बनकर देश की सेवा में लगे हुए हैं।
भागलपुर [जेएनएन]। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री वाई राघवुलु ने कहा है कि वर्तमान में देशभर में विहिप के सात हजार पूर्णकालिक कार्यकर्ता मां भारती की सेवा कर रहे हैं। हमारा कार्य एक लाख 80 हजार गांवों तक पहुंच चुका है। आने वाले वर्षों में तीन लाख गांवों तक पहुंचने का लक्ष्य है।
केंद्रीय संयुक्त महामंत्री भागलपुर में संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। कहा कि परिषद 1964 से हिंदुओं के लिए कार्य करता आ रहा है। परिषद् सेवा, सुरक्षा व संस्कार पर कार्य करता है। वर्तमान में 65 हजार संस्कार केंद्र चल रहे हैं। लगभग 45 करोड़ लोग भारत में गरीबी, अशिक्षा, असमानता से जूझते हैं।
इन लोगों को मुस्लिम, ईसाई और माओवादी गलत कार्यों के लिए लक्ष्य बनाते हैं। इसाई इनका धर्मांतरण कर रहे हैं और माओवादी इन्हें व्यवस्था के खिलाफ खड़ा कर रहे हैं। परिषद नैतिक विद्या दे रही है। भारत माता, गौ माता, मातृभूमि मठ -मंदिर एवं धर्म ग्रंथ की रक्षा में परिषद सदैव तत्पर है। मौके पर मातृशक्ति की क्षेत्रीय संयोजिका अनीता, विभाग मंत्री पारस शर्मा जिला उपाध्यक्ष बिहारी विद्यार्थी, महानगर उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार थे। इसके पूर्व बैठक में कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।