सदर अस्पताल में भी जल्द ही वेंटिलेटर की सुविधा, पहले फेज में चार मशीनें आई
भागलपुर जिले में वेंटिलेटर की सुविधा सिर्फ जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में ही है। यहां दो दर्जन वेंटिलेंटर हैं। अब सदर अस्पताल में भी यह सुविधा मिलेगी।
भागलपुर, जेएनएन। सदर अस्पताल में भी गंभीर मरीजों को वेंटिलेटर की सुविधा मिलेगी। इससे कोरोना संक्रमित और दूसरे मरीजों को भी इलाज में सुलभ होगी। मरीजों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। पहले चरण में सदर अस्पताल में चार वेंटिलेटर मशीन की आपूर्ति कर दी गई है। लगातार बढ़ रहे कोरोना के गंभीर मरीजों को देखते हुए यह सुविधा सरकार ने जिलास्तर पर मुहैया कराई है। मशीन इंस्टॉल करने की कवायद शुरू कर दी गई है। ऑक्सीजन पाइप लाइन का काम एक से दो दिनों में शुरू हो जाएगा। एक सप्ताह से दस दिनों के अंदर मरीजों को सुविधा शुरू कर दी जाएगी। दरअसल, जिले में कोरोना पीडि़तों की संख्या में लगातार हो रहे इजाफा के कारण स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव एक सप्ताह पूर्व भागलपुर का दौरा किया था। इस दौरान सदर अस्पताल में वेंटिलेटर की सुविधा शुरू करने की बात कही थी।
दूसरे फेज में अनुमंडल और रेफरल अस्पताल
सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि अभी सदर अस्पताल में चार मशीनें आई है। इमरजेंसी वार्ड में इसे लगाया जाएगा। इसके लिए अलग से कमरे (वार्ड) का चयन कर लिया गया है। अब एक साथ चार मरीजों को वेंटिलेटर पर रखा जा सकता है। ऑक्सजीन पाइप लाइन के लिए एजेंसी को कहा गया है। सिविल सर्जन ने बताया कि अनुमंडल और रेफरल अस्पताल में भी वेंटिलेटर की सुविधा शुरू होगी। अभी सदर में मशीन की आपूर्ति कर दी गई है। सीएस ने बताया कि इसके लगने से गंभीर बीमारियों से पीडि़त मरीजों को समय रहते बेहतर उपचार मिलेगा। निजी का सहारा नहीं लेना होगा।
सरकारी में सिर्फ जेएलएनएमसीएच में है सुविधा
भागलपुर जिले में वेंटिलेटर की सुविधा सिर्फ जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में ही है। यहां दो दर्जन वेंटिलेंटर की सुविधा है। यहां अभी सिर्फ कोरोना के गंभीर मरीजों का इलाज होता है। टीचर्स टेनिंग कॉलेज में भर्ती कोविड सेंटर से जिन मरीजों की स्थिति गंभीर होती है, उन्हें मेडिकल अस्पताल में रेफर किया जाता है।