सहरसा में नाव से गिर कर डूबने से बालक की मौत, खगडि़या में भी एक युवक गड्ढे में डूबा
सहरसा और खगडि़या में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। सहरसा में बलान नदी पार करने से दौरान एक बालक नदी में डूब गया। वहीं खगडि़या में एक युवक की मौत गड्ढे में गिर जाने से हो गई। घटना के बाद दोनों के शव को पोस्टमार्टम कराया गया।
सहरसा/खगडि़या, जेएनएन। महिषी के जलई ओपी क्षेत्र के मोहम्मदपुर में नाव से बलान नदी पार करने के दौरान उस पर से फिसलकर नदी में डूब जाने से मोहम्मदपुर के मो.असमद (05) की मौत हो गई। वह समीउल्लाह का पुत्र था। जानकारी के अनुसार बालक के मां की तबीयत खराब थी। वह दवा लेने दूसरे गांव गई हुई थीं। मां के घर लौटने में देर होने के कारण बालक नाव से उनसे मिलने जा रहा था। उसी दौरान नाव से फिसल जाने से वह नदी में जा गिरा। नाव पर सवार अन्य लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की परंतु वे लोग उसे नहीं बचा सके और उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के सहयोग से शव को नदी से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही जलई ओपी की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पंचायत के उपमुखिया मो. हबीबुल्लाह ने बताया कि इस घाट पर पूर्व में अंचल प्रशासन द्वारा सरकारी नाव की व्यवस्था की गई थी। उसके क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद लोग छोटी नाव से नदी पार करते हैं। छोटी नाव होने के कारण ही यह हादसा हुआ। वहीं बालक की मौत से स्वजनों में कोहराम मच गया।
खगडिय़ा में गड्ढे में डूबने से युवक की मौत
चौथम थाना क्षेत्र के ठुठ्ठी मध्य विद्यालय के समीप पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से मंगलवार की देर रात को सुलेन मिस्त्री (36) की मौत हो गई। वह सरसवा पंचायत के सहोरबा वार्ड संख्या- नौ के बिंदेश्वरी मिस्त्री के पुत्र थे। मुखिया प्रतिनिधि घनश्याम यादव ने बताया कि सुलेन प्रतिदिन ठुठ्ठी हाट जाते थे। मंगलवार की देर रात तक वह घर नहीं लौटे तो स्वजन उन्हें खोजने निकले। बुधवार की सुबह ठुटठी मध्य विद्यालय समीप पानी से भरे गड्ढे में उनका शव पाया गया। लोग आशंका जता रहे हैं कि हाट से लौटते समय शायद फिसलकर वे गड्ढे में गिर गए होंगे। मंगलवार की देर शाम से ही मूसलाधार बारिश होने से जगह-जगह जलजमाव हो गया था। थानाध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।