विक्रमशिला टीओपी के पिकअप चालक से लूटपाट करते बदमाशों की धुनाई
भागलपुर में बदमाशों का आंतक इतना बढ़ गया है कि पुलिस वाहन में भी लूट करने से अपराधी बाज नहीं आ रहे। इस दौरान अपराधी पकड़े गए।
भागलपुर, जेएनएन। विक्रमशिला गंगा सेतु टीओपी के समीप पिकअप चालक से लूटपाट कर रहे दो बदमाशों की शुक्रवार को लोगों ने जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद लोगों ने दोनों को बरारी पुलिस के हवाले कर दिया। इस संबंध में नालंदा जिले के हरनौत इलाके के पौरेय निवासी प्रिंस कुमार ने बरारी चौकी में दो बदमाशों के विरूद्ध लूट का केस दर्ज कराया है। बदमाशों की पहचान बरारी इलाके के कटहलबाड़ी निवासी राहुल यादव और बरारी के हलधर झा लेन निवासी रूप कुमार के रूम में हुई है। बरारी चौकी इंचार्ज नवनीश कुमार ने दोनों को शनिवार को जेल भेज दिया है। यह जानकारी एसएसपी आशीष भारती ने शनिवार को दी है।
दबिया के बल पर घटना को अंजाम देने का प्रयास
पीडि़त चालक ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह पटना से पिकअप में बर्फी लोड कर पूर्णिया जा रहे थे। बाइपास रोड से विक्रमशिला सेतु की तरफ बढ़ते समय अचानक जाम लग गया। वे गाड़ी लेकर विक्रमशिला टीओपी से कुछ देर पहले ही गाड़ी लगाकर रूक गए। तभी दो लड़के गाड़ी के समीप पहुंचे। दोनों दबिया (लोहे का धारदार हथियार) निकालकर उनके गले पर रख दिया। इसके बाद पॉकेट में रखा 17 सौ रुपये लूट लिया। लेकिन वे लोग और रुपये मांग रहे थे। जब उन्होंने इंकार किया तो दोनों ने गाड़ी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्हें दबिया के बल पर सड़क किनारे ले जाने लगे। तभी उन्होंने हल्ला करना शुरू कर दिया।
खदेड़कर पकड़े गए बदमाश
आसपास जाम में खड़े वाहनों के चालक उनकी ओर दौड़े। दोनों बदमाश यह देख भागने लगे। लेकिन चालकों ने खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद उनकी जमकर धुनाई कर दी। भागने के क्रम में वे सड़क पर गिर गए। जिसमें बदमाशों को चोटें भी आई। इसके बाद लोगों ने दोनों को बरारी पुलिस के हवाले कर दिया। बरारी पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया है। बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वे लोग नशे के लिए सड़क पर चलने वाले वाहनों से लूटपाट करते हैं। पीडि़त चालक डर से शिकायत के लिए तैयार नहीं हो रहा था। लेकिन शाम में उसने केस दर्ज कराया।
लूटपाट करते हुए दो बदमाश पकड़े गए थे। पिकअप चालक के बयान पर केस दर्ज कर दोनों को जेल भेजा गया है। उनके पास लूटी गई रकम और लोहे का धारदार हथियार बरामद हुआ है। - आशीष भारती, एसएसपी भागलपुर