भागलपुर से हथियारों की तस्करी कर रांची लौट रहे दो अपराधी समेत चार गिरफ्तार, मुंगेर पुलिस ने की कार्रवाई
मुंगेर पुलिस ने भागलपुर-मुंगेर सीमा पर हथियार तस्करों को पकड़ा। चार पिस्टल एक कट्टा व 14 गोलियां बरामद बरामद हुए। तस्करों में मुंगेर और आरा जिले के निवासी हैं। रांची में रहकर हथियारों की बिक्री करते थे। सभी भागलपुर से हथियारों की तस्करी कर रांची लौट रहे थे।
मुंगेर/भागलपुर, जेएनएन। मुंगेर पुलिस ने चार हथियार तस्करों को चार पिस्टल, एक कट्टा और 14 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। मुंगेर एसपी लिपि सिंह ने बताया कि वासुदेवपुर ओपी क्षेत्र में आम्र्स डीलिंग की सूचना मिलने के बाद छापेमारी की गई। इसी दौरान दीपक कुमार व निरंजन राम को एक पिस्टल, चार गोलियां व एक कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि कासिम बाजार क्षेत्र का हथियार तस्कर रमण शर्मा भागलपुर से हथियार लेकर आने वाला है। पुलिस ने भागलपुर सीमा पर असरगंज थाना क्षेत्र से रमन कुमार शर्मा और राहुल पांडेय को गिरफ्तार किया। इनके पास से तीन पिस्टल और 10 गोलियां बरामद की गई। राहुल और दीपक मूल रूप से आरा के रहने वाले हैं। दोनों रांची में रहकर हथियार बेचने का काम करते हैं। बरामद सभी हथियारों को बांका के रास्ते देवघर होते हुए रांची जाने ले जाने की तैयारी थी। असरगंज और तारापुर के बीच चारों अपराधी आपस में मिलते। इसके बाद राहुल और दीपक रांची चले जाते। जबकि हथियार देकर रमन शर्मा और निरंजन राम वापस मुंगेर आ जाते। दीपक को निरंजन के द्वारा हथियार मुहैया कराया गया था। दीपक के दोस्त राहुल पांडेय को भी हथियारों की जरूरत थी। राहुल को लेकर रमन भागलपुर गया था और वहीं से हथियार लेकर दोनों लौट रहे थे। हथियार बरामदगी से जुड़ा मुकदमा वासुदेवपुर ओपी और असरगंज थाना में दर्ज किया गया है। रमन बड़ा हथियार तस्कर है। वह पहले भी जेल जा चुका है। मुंगेर के अलावा भागलपुर और दूसरे जिलों में भी हथियारों की सप्लाई करता है। पूछताछ में बताया कि पहले भी चार बार रांची में हथियारों की आपूर्ति की थी।
टायर के ट्यूब में छिपाकर रखा था हथियार
पुलिस से बचने के लिए निरंजन ने खास तरकीब अपनाई थी। लेकिन, वह अपनी चाल में सफल नहीं हो सका। टायर के ट्यूब का बेल्ट बनाकर अपनी छाती में बांध रखा था और उसी ट्यूब के पेट में हथियार छिपाकर रखा था। पूछताछ में बताया कि पहले भी वह साइकिल, मोटरसाइकिल और कार में लगने वाले टायरों के ट्यूब में हथियार छिपाकर ले जा चुका है। लेकिन, इसबार पकड़ा गया।