गश्ती पर जा रही थी पुलिस, फिर मिली लूटेरे की सूचना, जानें... इसके बाद क्या हुआ Bhagalpur News
सिटी डीएसपी ने बताया कि तातारपुर थाने के दारोगा राजीव रंजन सिंह रात्रि गश्ती पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली की दो बदमाश हथियार के साथ स्टेशन के पास घूम रहे हैं।
भागलपुर [जेएनएन]। रेल यात्रियों को लूटने की नीयत से स्टेशन चौक के पास घूम रहे दो बदमाशों को तातारपुर पुलिस ने देसी कट्टी के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश नाथनगर के नसरतखानी का आकाश कुमार ठाकुर और साहेबगंज का बादल कुमार है। यह जानकारी सिटी डीएसपी राजवंश सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता में दी।
खदेडऩे पर सूता पट्टी में घुस गए दोनों बदमाश
सिटी डीएसपी ने बताया कि तातारपुर थाने के दारोगा राजीव रंजन सिंह रात्रि गश्ती पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली की दो बदमाश हथियार के साथ स्टेशन के पास घूम रहे हैं। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों लोहिया पुल के पास सूता पट्टी गली में घुस गए। इसके बाद दारोगा राजीव रंजन सिंह ने इसकी जानकारी इंस्पेक्टर सुबोध कुमार को दी, लेकिन तब तक वहां कोतवाली पुलिस के पदाधिकारी भी पहुंच गए। इसके बाद दोनों को पकड़ा गया।
दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है पुलिस
पुलिस के मुताबिक दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। सिटी डीएसपी ने कहा कि तातारपुर पुलिस की टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की जाएगी।