मुंगेर में बारात में आए दो बच्चे गंगा नदी में डूबे, एक का शव बरामद
मुंगेर सदर प्रखंड के टीकारामपुर गंगा घाट पर शनिवार को स्नान करने गए दो बच्चे डूब गए।
जेएनएन , मुंगेर : मुंगेर सदर प्रखंड के टीकारामपुर गंगा घाट पर शनिवार को स्नान करने गए दो बच्चे डूब गए। उनमें से एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। दूसरे के शव की खोज के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। डूबने वाले दोनों बच्चे माधोपुर के हैं।
शुक्रवार की रात को जिले के माधोपुर से एक बारात टीकारामपुर आई थी। बारात में दर्जनों बच्चे शामिल थे। शनिवार की सुबह माधोपुर के नेपाली यादव के 10 वर्षीय पुत्र प्रिस उर्फ पोटो, मनोज मंडल के 10 वर्षीय पुत्र सुमीत कुमार, राजेश मंडल के 12 वर्षीय पुत्र अमन कुमार व प्रिस कुमार आदि टीकारामपुर स्थित चंडिका स्थान गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। उसी दौरान अचानक प्रिस और अमन कुमार गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें डूबते देख अन्य बच्चे शोर मचाने लगे। स्थानीय लोगों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वे दोनों डूब चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही मुंगेर सदर अंचल के सीओ दिव्य राज गणेश वासुदेवपुर ओपीध्यक्ष के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उनके निर्देश पर तुरंत गोताखोर और महाजाल की मदद से बच्चों के शवों को ढूंढ़ने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। घंटों प्रयास के बाद दो बच्चों में से एक अमन का शव बरामद कर लिया गया। जबकि, प्रिस का शव ढूढ़ने का प्रयास जारी था।
.......
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
माधोपुर के विजय मंडल के पुत्र की बारात टीकारामपुर के भूषण प्रसाद के घर आई थी। बारात में शामिल लोग देर रात तक नाचते-गाते रहे थे। शादी को लेकर वहां का माहौल खुशियों व उमंग भरा था। लेकिन सुबह गंगा स्नान करने करने गए बारात के दो बच्चों के डूबने की खबर मिलते ही घर का खुशनुमा माहौल मातम में बदल गया। प्रिस और अमन के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
.......
मृतक के परिजन को मिलेगा मुआवजा
मुंगेर सदर अंचल के अंचलाधिकारी दिव्य राज गणेश ने कहा कि गंगा नदी में दो बच्चों के डूब जाने की घटना से सभी लोग दुख से भर उठे हैं। दो बच्चों में से अमन का शव बरामद कर लिया गया है। प्रिस कुमार के शव की खोजबीन की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आपदा प्रबंधन विभाग से पीड़ित परिवार को मुआवजा की राशि देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।