मुंगेर में पुलिस के हत्थे चढ़े दो हथियार तस्कर, कार्बाइन जब्त, जहाजघाट के रास्ते ला रहा था हथियार की बड़ी खेप
मुंगेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक काबाईन भी बरामद की गई है। पुलिस गिरफ्त में आए वीरू कुमार और अश्विनी कुमार दोनों कासिमबाजार थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
मुंगेर, संवाद सूत्र। मुंगेर पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार जहाज घाट में छापामारी कर कार्बाइन के साथ दो हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कासिम बाजार थाना क्षेत्र के मनसरीतले निवासी वासुदेव राम का पुत्र वीरू कुमार अपने साथी के साथ जहाज घाट के रास्ते हथियार की खेप लेकर आने वाला है। सूचना मिलने के बाद पुलिस अवर निरीक्षक अजय कुमार, रंजीत कुमार ने पुलिस बल के साथ जहाज घाट पर घेराबंदी कर जहाज घाट से उतरने वाले प्रत्येक लोगों की सघन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से दो युवक ने भागने की कोशिश की। जिसे संदेह के आधार पर पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस गिरफ्त में आए वीरू कुमार और अश्विनी कुमार दोनों कासिमबाजार थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान वीरू के पास से बरामद प्लास्टिक के थैला से एक कार्बाइन, दो मैगजीन, सैमसंग का मोबाइल, यमहा बाइक और 25 सौ रुपये नगद बरामद किया गया। गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कोतवाली थानाध्यक्ष पंकज कुमार ङ्क्षसह ने बताया कि वीरू और अश्विनी गंगा पार सबदलपुर से कार्बाइन लेकर आ रहा था। मुंगेर में उसे हथियार की डिलिवरी देनी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसटीएफ के हत्थे चढ़े दो नक्सली
मुंगेर : एसटीएफ ने शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर दो अलग अलग जगहों पर छापामारी कर दो नक्सली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए डीआइजी मनु महाराज ने कहा कि एसटीएफ की टीम ने खडग़पुर से छोटी मधुवन निवासी विश्वनाथ मुर्मू उर्फ लुल्ला की गिरफ्तारी की है। उसके खिलाफ लखीसराय के कजरा थाना में एक मामला दर्ज है। वहीं, धरहरा थाना क्षेत्र के सारोबाग से नक्सली भार्गव कोड़ा को गिरफ्तार किया गया। भार्गव पर भी लखीसराय जिला के कजरा और चानन थाना में मुकदमा दर्ज है।