भागलपुर रेलवे जंक्शन : गोयल का टूट रहा सपना, एक माह से स्टेशन पर नहीं दिख रहा तिरंगा Bhagalpur News
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने 2018 में देश के ए ग्रेड और ए वन स्टेशनों पर 100 फीट तिरंगा लगाने का निर्देश दिया था। ट्रेन पकडऩे वाले आने वाले यात्री के तिरंगे का दीदार कर सकें।
भागलपुर [जेएनएन]। भागलपुर जंक्शन परिसर में लगा प्रमंडल का सबसे ऊंचा तिरंगा एक महीने से नहीं दिख रहा है। सिलाई के नाम पर जून के प्रथम सप्ताह से ही पोल से तिरंगा को हटा दिया गया है। ऐसे में स्टेशन की खूबसूरती बिगड़ गई है। स्टेशन से इसकी जानकारी मंडल के अधिकारियों को दी गई है। पर, झंडा लगाने के प्रति दिलचस्पी नहीं दिख रही है।
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने 2018 में देश के ए ग्रेड और ए वन स्टेशनों पर 100 फीट तिरंगा लगाने का निर्देश दिया था। इसके पीछे रेलवे की मंशा थी कि ट्रेन पकडऩे वाले आने वाले यात्री के तिरंगे का दीदार कर सकें और स्टेशन का लुक भी बेहतर लगे। रेल मंत्री के निर्देश पर पूर्व रेलवे जोन के भागलपुर स्टेशन पर फरवरी 2019 में झंडा लगाया गया।
दरअसल, जून के प्रथम सप्ताह में तेज हवा में झंडे की सिलाई खुल गई। पोल से झंडे को उतारकर फिर से सिलाई कराने के लिए भेजा गया है। पर, अभी तक मरम्मत नहीं हो सका। इस संबंध में एसएस समर सिंह ने बताया कि इसकी देखरेख की जिम्मेदारी आइओडब्ल्यू के पास है। जानकारी मंडल में अधिकारियों को दी गई है। एक से दो दिनों में झंडा लगा दिया जाएगा।