कटिहार-पूर्णिया रोड पर बाइक सवार पर गिरा पेड़, फोरलेन निर्माण को लेकर हो रही पेड़ की कटाई
कटिहार में सुबह करीब दस बजे रोड हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसा कटिहार पूर्णिया रोड पर हुआ। फोरलेन निर्माण के लिए काटे जा रहे पेड़ एक बाइक सवार पर जा गिरा। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जासं, कटिहार। कटिहार-पूर्णिया फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर काटे जा रहे पेड़ की चपेट में आने से बुधवार को एक बाइक सवार युवक गंभीर रुप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कटिहार-पूर्णिया फोरलेन सड़क निर्माण कार्य के तहत सड़क के दोनों ओर पेड़ों की कटाई चल रही है।
लेलहा चौक के करीब भी पेड़ काटा जा रहा था। इस पेड़ को सड़क किनारे गिराने की कोशिश की जा रही थी। इसी क्रम में करीब दस बजे पूर्णिया से कटिहार की ओर जा रहे अपाचे बाइक सवार गुजर रहा था। अचानक पेड़ सड़क पर ही गिर गया और इसकी चपेट में बाइक सवार आ गया। स्थानीय लोगों ने पेंड़ के नीचे दबे बुरी तरह जख्मी बाइक सवार को निकाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय मो हजरत अली व अन्य लोगों ने बताया कि पेंड़ कटाई कार्य में सुरक्षा का ध्यान नहीं रखे जाने के कारण यह घटना घटी है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब आधा घंटा तक आवागमन ठप कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची रौतारा थाना पुलिस द्वारा लोगों को समझाकर आवागमन बहाल किया गया।
नहीं लगाया गया है बोर्ड
कटिहार-पूर्णिया फोरलेन सड़क निर्माण कार्य के तहत सड़क के दोनों ओर पेड़ों की कटाई चल रही है। लेकिन इस में नियमों की अनदेखी की जा रही है। नियमानुसार यहां पर बार्ड या संकेत के लिए कुछ जरूरी उपाय किया जाना था। इससे राहगीर पहले से ही सचेत हो जाए। लेकिन यहां पर इसका ध्यान नहीं रखा गया है। बुधवार को बाइक सवार इसी कारण जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर संकेत के लिए बोर्ड आदि नहीं लगाया गया तो और भी लोग जख्मी हो सकते हैं। उन लोगों ने बोर्ड आदि लगाने की मांग की है।