खगडि़या में दर्दनाक रोड हादसा: रोड किनारे खड़े ट्रक में टैंपो ने मारी टक्कर, तीन की मौत, आठ जख्मी
खगडि़या में भीषण रोड हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि आठ लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसा नगर ढाला के पास की है। रोड किनारे खड़े ट्रक में एक टेंपो ने टक्कर मार दी। इससे...
जागरण संवाददाता, खगडि़या। खगड़िया में एक हृदय विदारक घटना घटी है। घटना महेशखूंट थाना क्षेत्र के हरि नगर ढाला के पास घटी है। जानकारी अनुसार एक आटो पर सवार होकर गौछारी व खटहा के लोग महेशखूंट से दुर्गा पूजा मेला देखकर घर लौट रहे थे। इस दौरान आटो ने हरि नगर ढाला के पास एक खड़े ट्रक में धक्का मार दिया। जिससे आटो पर सवार तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। आठ लोग घायल हैं।
पंचगछिया गांव से जा रहे थे सभी
मृतकों में सुधा देवी, उम्र 38, अन्नी कुमार उम्र 20 व छह वर्षीय अर्शित कुमार शामिल हैं। सुधा देवी नौगछिया जिले के पंचगछिया गांव से गौछारी अपने मायके दुर्गा पूजा में गौछारी आई हुई थी। घटना देर रात की है। महेशखूंट थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर ने बताया कि सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम में सदर अस्पताल भेजा। घायलों को भी सदर अस्पताल भेजा गया है। जहां इलाज चल रहा है। आटो व ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
घायलों में ये लोग हैं शामिल
घायलों में गौछारी के पुष्प लता देवी, रीना भारती, साक्षी कुमारी, मिनी कुमारी, सुधा कुमारी, निशांत कुमार, पंकज कुमार व खटहा के अशोक मुनि शामिल हैं। घटना बाद से गौछारी में सन्नाटा पसरा हुआ है। दुर्गा पूजा की खुशी मातम में बदल चुकी है।
हादसे में जुट गई लोगों की भीड़
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। स्थानीय लोगों की माने तो कई की हालत गंभीर है। वहीं, हादसे के बाद रोड पर जाम लग गया। लोगों ने बताया कि यहां पर अक्सर हादसा होते रहता है। इसके बाद भी स्पीड ब्रेकर आदि नहीं लगाया गया है। वहीं, पुलिस ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।