शहर से विक्रमशिला सेतु तक जाम से परेशान रहे लोग
शहर से विक्रमशिला सेतु तक शुक्रवार को घंटों जाम लगा रहा। इसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भागलपुर। शहर से विक्रमशिला सेतु तक शुक्रवार को घंटों जाम लगा रहा। इसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संयुक्त चुनावी सभा के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना पर गुरुवार की रात से ही सेतु पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई। जगदीशपुर, नवगछिया और कहलगांव-पीरपैंती के बीच सभी भारी वाहनों को रोककर रखा गया। चुनावी सभा समाप्त होने पर शाम चार बजे नवगछिया और जगदीशपुर से भारी वाहनों का परिचालन कराया गया। एकाएक वाहनों का दबाव बढ़ने और ओवरटेक करने से विक्रमशिला सेतु पर जाम लग गया। पुलिस के हरकत में आने पर दो घंटे बाद गाड़ियां धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगीं। रात आठ बजे तक वाहनों के परिचालन की यही स्थिति बनी हुई थी।
शहर में भी जाम की यही स्थिति रही। दुर्गा पूजा की खरीदारी को लेकर बाजार में काफी भीड़ थी। भीड़ का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि पैदल भी चलना मुश्किल था। ऐसे में कार, बाइक, टोटो व ऑटो के परिचालन ने लोगों की समस्या बढ़ा दी। सुजागंज बाजार, खीलीफाबाग, वेरायटी चौक, स्टेशन रोड, लोहिया पुल सहित कई सड़कों पर तीन घंटे तक लोगों को जाम से जाम जूझना पड़ा।