TOB Safe Saturday : आपदाकाल के दौरान स्वच्छता एवं पेयजल का रखें विशेष ध्यान
TOB Safe Saturday कोरोना काल में टीचर्स ऑफ़ बिहार द चेंज मेकर्स समूह सोशल नेटवर्क के माध्यम से लोगों को जागरुक कर रहे हैं। उनका सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम काफी प्रभावी है।
भागलपुर, जेएनएन। TOB Safe Saturday : टीचर्स ऑफ़ बिहार (TOB) : द चेंज मेकर्स समूह केटीचर्स ऑफ बिहार ने अपने सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के छठे अंक में स्वच्छता और पेयजल की चर्चा की। सोशल नेटवर्क पर आयोजित कार्यक्रम में आपदाकाल के दौरान होने वाली परेशानियों और उसके समाधान की चर्चा हुई। इस दौरान कई विशेषज्ञ को आमंत्रित किया गया था। विशेषज्ञों ने स्वच्छता एवं पेयजल पर चर्चा की। साथ ही इस दौरान कैसे रहें स्वच्छ इस बारे में बताया। यूनिसेफ के वॉश स्पेशलिस्ट डॉ प्रभाकर सिन्हा ने बताया कि बिहार में बाढ़ की भयंकर समस्या है। इस दौरान कई-कई गांव जल में डूब जाते हैं। शौचालय सबसे ज्यादा प्रभावित होता है, जिससे पीने का पानी दूषित हो जाता है। पेयजल संक्रमित हो जाता है। साथ में जल प्रदूषित हो जाता है। जल में किटाणु पनप जाते हैं। इसलिये पानी को बीस मिनट उबाल कर ही इसका प्रयोग करना चाहिए। इससे जल में संक्रमण का खतरा ना के बराबर रहता है। डॉ प्रभाकर सिन्हा ने टीओबी को आपदा प्रबंधन की दिशा में जागरूकता करने के लिए एक सशक्त माध्यम बताया।
दूसरे सत्र में सुमोना रिंकू घोष ने कहा कि बाढ़ के समय नौका परिवहन ही एक मात्र साधन होता है। इन्होंने नाव का परिचालन कब और कैसे करें, इसकी जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के तहत नाव दुर्घटना से बचाव पर विस्तार से जानकारी दी। इस कार्यक्रम को राज्य साधन सेवी ज्योति कुमारी, राघवेंद्र कुमार झा, कविता कुमारी, मृत्युंजय, रंजेश सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन एमएसएसपी मास्टर ट्रेनर शशिधर उज्ज्वल एवं अपराजिता कुमारी ने किया। इसी दौरान टीचर्स ऑफ़ बिहार द चेंज मेकर्स समूह ने ऑनलाइन क्विज का आयोजन किया। जिसमें अनेक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
यहां बता दें कि Teachers of Bihar (TOB) के फाउंडर शिव कुमार हैं। वे प्राथमिक विद्यालय अराप, बिक्रम पटना के शिक्षक हैं। टीओबी बिहार के सरकारी शिक्षकों का एक समूह है।