लखीसराय में मुखिया सहित तीन को नक्सलियों ने लेबी के लिए अगवा, ले गए जंगल
लखीसराय में नक्सलियों ने लेबी के कई लोगों को घर से उठा लिया। पांच दर्जन नक्सलियों ने तीनों को पकड़कर जंगल की ओर ले गए। पुलिस तीनों को बरामद करने का प्रयास कर रही है।
लखीसराय, जेएनएन। जदयू महादलित प्रकोष्ठ के बिहार प्रदेश महासचिव सह मुखिया गणेश रजक सहित तीन लोगों का अपहरण नक्सलियों ने लेवी के लिए सोमवार की रात कर लिया। गणेश नक्सल प्रभावित चानन प्रखंड की भलूई पंचायत के मुखिया भी हैं।
सोमवार आधी रात को मुखिया मननपुर बस्ती स्थित अपने घर में सोए थे। इसी दौरान पहुंचे दर्जनों नक्सलियों ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही मुखिया के भांजे रवींद्र रजक (शिक्षक) एवं मननपुर बस्ती निवासी किसान राजेंद्र यादव को भी अगवा कर लिया। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे नक्सलियों ने मुखिया गणेश रजक के भांजे लाखोचक निवासी रवींद्र रजक को सशर्त मुक्त कर दिया। मुखिया गणेश रजक एवं ग्रामीण राजेंद्र यादव को शाम तक मुक्त नहीं किया गया था। बताया जा रहा है कि गणेश रजक एवं राजेंद्र यादव पर नक्सली तय सौदे के तहत कई महीने से लेवी की राशि पहुंचाने के लिए दबाव बना रहे थे। ये लोग देर कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मुखिया के भांजे को लेवी की राशि पहुंचाने के लिए ही मुक्त किया गया है।
इधर, स्वजनों का कहना है कि उनसे लेवी की मांग नहीं की गई है। मुखिया गणेश रजक पर नक्सलियों ने इससे पहले हमला भी किया था। घटना 19 अगस्त, 2019 की है। दिनदहाड़े नक्सलियों ने मुखिया की स्कार्पियो पर गोलीबारी कर दी थी। तब मुखिया वाहन पर सवार नहीं थे। गोलीबारी में मननपुर निमियांटांड निवासी मदन यादव एवं मुखिया के स्कार्पियो चालक राजेश कुमार उर्फ छोटू की मौत हो गई थी। इधर इस ताजी घटना की सूचना पर मुंगेर के एसटीएफ डीएसपी पंकज कुमार, बसुआचक कैंप एसटीएफ प्रभारी अनुज कुमार, एएसपी अभियान अमृतेश कुमार, एसडीपीओ रंजन कुमार, एसआइ भगवान ठाकुर, राजकुमार राम आदि ने मुखिया के गांव पहुंचकर पूछताछ की। एएसपी अभियान अमृतेश कुमार ने बताया कि लेवी की मांग को लेकर अपहरण किया गया है। दोनों को मुक्त कराने के लिए नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है।