गंगा संरक्षण के लिए सात अप्रैल से होगी प्रतियोगिता, आप भी भाग लेकर जीत सकते हैं इस तरह ईनाम...
गंगा संरक्षण के लिए भागलपुर में सात अप्रैल से परीक्षा होगी। इस प्रतियोगिता में न्यूनतम 10 साल की उम्र से अधिक के लोग भाग ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। गंगा व सहायक नदियों की स्वच्छता के प्रति जनजगारुकता को लेकर नमामि गंगे द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। छात्र जीवन से पानी की महत्ता समझाने और इसके संरक्षण के लिए नमामि गंगे के तहत गंगा क्वेस्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
नगर निगम के सिटी मैनेजर रवीश चंद्र वर्मा ने बताया कि वल्र्ड वाटर डे 22 मार्च से निबंधन की शुरूआत हुई है। सात अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस से क्विज की शुरुआत होगी। आठ मई तक प्रतियोगिता जारी रहेगी। पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर फाइनल लाइव प्रतियोगिता होगी। 20 जून को गंगा दशहरा के दिन सफल प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार का वितरण किया जाएगा। प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। प्रतियोगिता में 10 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चे, युवा व बुजुर्ग भाग ले सकते हैं। ऑनलाइन माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर के लोग भी निबंधन करा सकते हैं।
तीन चरण के बाद परिणाम होगा घोषित
तीन चरण में प्रतियोगिता का आयोजन होगा। पहले चरण में किसी सवाल का जवाब सही या गलत नहीं होगा, केवल दृष्टिकोण का आयोजन किया जाएगा। दूसरे राउंड मे एनसीइआरटी पाठ्यक्रम से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे। इस आधार पर प्रतियोगियों का मूल्यांकन कर चयन किया जाएगा। इसके बाद लाइव राउंड होगा। इसमें सफल होने वाले को ही विजेता घोषित किया जाएगा। दस साल की उम्र से अधिक के कोई भी व्यक्ति इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं
इससे जुडऩे के लिए निबंधन कराना अनिवार्य होगा। दूरभाष संख्या 91 88262 76004 पर भी संपर्क कर सकते हैं। वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यहां पर आपको आधार कार्ड, पहचान पत्र, स्कूल आइडी और ई-मेल आइडी से संबंधित जानकारी देनी होगी। इसमें सामान्य ज्ञान, पर्यावरण व गंगा नदी से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसमें भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।