मौसम ने ली करवट: थमी पछुआ हवा-खिली धूप, 11 को बारिश की संभावना, पढ़ें कटिहार से आई रिपोर्ट
मौसम ने ली करवट- शनिवार को तेज धूप के साथ लोगों के चेहरे भी खिल उठे। सभी अपने घर की छत आंगन और पार्कों में धूप सेंकते नजर आए। एक डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ा। वहीं पूर्वानुमान है कि 11 जनवरी को बारिश हो सकती है।
जागरण संवाददाता, कटिहार: शनिवार पूर्णह्रन से ही मौसम ने अचानक करवट बदला। हालांकि सुबह के समय आसमान पर घना कोहरा छाया हुआ था। दिन चढ़ते ही कोहरा छंटने के साथ मौसम साफ होने के साथ ही धूप भी खिली। दिनभर धूप खिली रहने के कारण लोगों को ठंड व शीतलहर से राहत मिली। न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया।
बताते चलें कि पिछले एक सप्ताह से पड़ रही कड़ाके की ठंड व कनकनी से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त रहा। पछुआ हवा चलने के कारण लोगों को ठंड व कनकनी से राहत नहीं मिल रही थी। शुक्रवार रात से ही पछुआ हवा थमने के बाद कनकनी का असर होना कम हुआ। शनिवार सुबह से मौसम साफ होने तथा पछुआ हवा थमने के कारण लोगों काो कड़ाके की ठंड से राहत मिली। शाम ढ़लते ही ठंड का प्रकोप जरूर रहा। लेकिन कनकनी की स्थिति का सामना लोगों को नहीं करना पड़ा।
11 को बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम का पूर्वानुमान यही है कि भागलपुर, कटिहार, बांका, जमुई, मुंगेर समेत कई जिलों में रिमझिम बारिश हो सकती है। इससे पहले मौसम में इस तरह के बदलाव ने लोगों कीो ठंड से राहत जरूर दे दी है लेकिन आने वाले दिनों में ठंड बढ़ेगी।
दिनभर धूप निकली रहने के कारण बाजारों में अन्य दिनों की अपेक्षा खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ देखी गई। पारा चढऩे अलाव की भी बहुत जरूरत महसूस नहीं की गई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 10 जनवरी से मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। कोहरा का असर कम होने से वाहनों का भी सामान्य रूप से परिचालन हुआ। मौसम में आए बदलाव से ग्रामीण क्षेत्रों में भी ठंड व शीतलहर से लोगों को राहत मिली है।