पंचतत्व को विलिन हो गए TMBU के कुलपति प्रो. एनके झा, शव यात्रा में चौबे भी शामिल
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नलिनी कांत झा का दिल का दौरा पडऩे से सोमवार 4 नवंबर 2018 को निधन हो गया था। 23 मार्च 2017 को वे यहां के वीसी बनाए गए थे।
भागलपुर (जेएनएन)। तिलकामांझी भागलपुर विवि के दिवंगत कुलपति प्रो. नलिनी कांत झा बुधवार को पंचतत्व को विलिन हो गए। उनका दाह संस्कार सुल्तानगंज घाट पर किया गया। दाह संस्कार और शव यात्रा में केन्द्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे सहित काफी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गण्यमान्य लोग, गांव के लोग, परिजन शामिल हुए। विवि के कई अधिकारी और कर्मचारी सहित शिक्षक ने श्मशान घाट पहुंचकर उन्हें विदाई दी।
हुआ दाहसंस्कार
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ नलिनी कांत झा का शव सुल्तानगंज के पवित्र उत्तर वाहिनी गंगा घाट पर अंतिम संस्कार के लिए लाया गया। इस दौरान उनके परिजन के साथ साथ विश्वविद्यालय के तमाम पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। उनके पैतृक आवास से भी उनके परिजन गंगा घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार में पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य व परिवार कल्याण मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है कुलपति के असामयिक निधन से वह काफी दुखी है। उनके साथ उनके बेटे व भागलपुर से भाजपा के प्रत्याशी रहे अर्जित शाश्वत चौबे भी मौजूद थे।
चौबे अौर शर्मा ने दी श्रद्धांजलि
इससे पहले कुलपति को श्रद्धांजलि देने बुधवार को केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे पहुंचे। उन्होंने कुलपति आवास में उन्हें भावभींनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे। श्री चौबे ने कुलपति के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दिया। उन्होंने कुलपति के निधन पर विवि के लिए बहुत नुकसानदायक बताया। कहा कि विवि के उत्थान और छात्र हित के लिए वे प्रयासरत थे। विवि से भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए लगे हुए थे। कुलपति डॉ. नलिनी कांत झा के निधन पर केंद्रीय मंत्री ने दुख जताया है। चौबे डॉ. झा की अंतिम यात्रा और अंत्येष्टि में भाग लेने पहुंचे हैं। वे दीपावली नहीं मनाएंगे। उन्होंने इसे बिहार की शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। चौबे ने कहा कि डॉ. झा से तेलडीहा से ही पारिवारिक और मित्रवत संबंध था। उन्होंने कहा कि पांडिचेरी केंद्रीय विवि में रहते हुए वे हमेशा संपर्क में रहते थे। श्री चौबे कुलपति के पैतृक गांव भी पहुंचे।
वहीं, विधायक अजित शर्मा भी कुलपति आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भी उनके परिजनों को सांत्वना दी। इस बीच कुलपति के पार्थिव शरीर को बांका जिले के शंभूगंज स्थित तेलडीहा ले गया गया। पैतृक गांव शव पहुंचते ही काफी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कुछ देर पर शव को अंतिम संस्कार के लिए सुल्तानगंज घाट ले जाया गया।
दिवंगत कुलपति का सुल्तानगंज घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के दिवंगत कुलपति प्रो. नलिनी कांत झा का अंतिम संस्कार बुधवार को सुल्तानगंज गंगा घाट पर कर दिया गया। शवयात्रा उनके पैतृक गांव तेलडीहा से निकाली गई। उनका पार्थिव शरीर सरकारी आवास पर मॉर्चरी में रखा हुआ था। मंगलवार को भी दिनभर कुलपति के अंतिम दर्शन को परिजन सहित लोगों का आना-जाना लगा रहा।
तेलडीहा ले जाया गया कुलपति का पार्थिव शरीर
मंगलवार की देर रात तक बड़े पुत्र सौरव झा के अमेरिका से भागलपुर पहुंच गए हैं। बुधवार की सुबह कुलपति का पार्थिव शरीर पैतृक गांव तेलडीहा ले जाया गया। गांव से शवयात्रा निकाली जाएगी और सुल्तानगंज घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दिवंगत कुलपति को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
सरकारी आवास से पार्थिव शरीर गांव ले जाने के पहले बुधवार की सुबह आठ बजे दिवंगत कुलपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद अंतिम संस्कार के दौरान सुल्तानगंज गंगा घाट पर भी गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। विवि के पीआरओ डॉ. एसडी झा ने बताया कि सौरव झा कोलकाता के रास्ते भागलपुर पहुंचेंगे।
सांसद ने दी श्रद्धांजलि
युवा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह स्थानीय सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, युवा राजद के प्रदेश महासचिव डॉ. आनंद आजाद एवं जिलाध्यक्ष डॉ. तिरूपति नाथ यादव ने मंगलवार की शाम कुलपति के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। सांसद ने अपने शोक संदेश में कहा विवि ने एक विद्वान कुलपति को खो दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में ढाढस भी बंधाया।
दिनभर परिजन सहित चाहने वालों का लगा रहा आनाजाना
निधन के बाद से बुधवार तक दिवंगत कुलपति के सरकारी आवास पर परिजन सहित चाहने वालों का आनाजाना लगा रहा। प्रो. ज्योतीन्द्र चौधरी, डीएसडब्ल्यू डॉ. योगेन्द्र, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अरुण कुमार सिंह व अन्य अधिकारी और शिक्षक दिवंगत कुलपति के आवास पर आते-जाते रहे। सभी ने परिजनों को ढाढस बंधाया। इलाहाबाद बैंक के मुख्य प्रबंधक नीरज कुमार ने भी आवास पर पहुंच कर दिवंगत कुलपति का अंतिम दर्शन किया और श्रद्धांजलि दी। इससे पहले सोमवार की रात बीएनएमयू के कुलपति प्रो. अवध किशोर राय और प्रतिकुलपति प्रो. फारूक अली भी कुलपति आवास पर पहुंचे थे और उन्हें श्रद्धांजलि दी थी।
शिक्षक नहीं मनाएंगे दिवाली
लालबाग स्थित प्रोफेसर कालोनी में रह रहे टीएमबीयू के शिक्षकों ने इस बार दीवाली नहीं मनाने का निर्णय किया है। शिक्षकों ने बताया कि दीवाली के दिन कुलपति का अंतिम संस्कार होगा और कॉलोनी में ही कॉलेज इंस्पेक्टर रहे डॉ. एसएन चौधरी का भी श्राद्ध कर्म होगा। इसलिए कॉलोनी में दीपावली नहीं मनाई जाएगी।
4 नवंबर 2018 को हो गया था निधन
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के कुलपति प्रोफेसर नलिनी कांत झा (60 वर्ष) का दिल का दौरा पडऩे से सोमवार 4 नवंबर 2018 को निधन हो गया था। वे मूल रूप से बांका के शंभूगंज स्थित तिलडीहा गांव के रहने वाले थे।
प्रोफेसर झा 23 मार्च 2017 को टीएमबीयू में कुलपति बनकर आए थे। अपने कार्यकाल में उनका आखिरी निर्णय 139 अतिथि शिक्षकों के नियुक्ति पत्र पर हस्ताक्षर करना रहा। इसके पहले वे पांडिचेरी विश्वविद्यालय में कुलपति थे। परिजन के मुताबिक कुलपति ने दिनचर्या के हिसाब से मॉर्निंग वाक किया। अखबार पढऩे के बाद मिलने पहुंचे कुछ लोगों से बातचीत की। कुछ फाइलों को निपटाया। करीब सवा दस बजे स्नान के लिए बाथरूम जाने लगे। इसी दौरान उन्हें दौरा पड़ा।