जमुई : अपने चार दोस्तों के साथ घर से निकले युवक की हत्या, शव मिलते ही फैली सनसनी
जमुई में युवक की हत्या आहर से मिला शव। मंगलवार शाम को चार साथियों के साथ घर से निकला था युवक। बुधवार सुबह में मिला शव चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज। घटना के बाद सनसनी फैल गई है।
संवाद सहयोगी, जमुई। जमुई जिले के शाहपुर गांव में मंगलवार शाम को गांव के ही अनिल साह की हत्या कर शव को भदैया आहर में फेंक दिया गया। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर स्वजनों को सूचना दी। मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। घटना के पीछे के कारणों का पता नहीं लग पाया है। मामले को लेकर इलाके में तनाव व्याप्त है।
मृतक के पिता शिवकुमार साह ने बताया कि मंगलवार की शाम उनका पुत्र अनिल घर से बाहर निकला था। रात में लगभग आठ बजे उसे गांव के ही साथी मु. पेंटर, मु. शेरू, सेंटू कुमार तथा पंकज साह के साथ घूमते हुए देखा गया। देर रात उसके घर नहीं पहुंचने पर स्वजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। उसकी बाइक मु. पेंटर के घर के समीप देखी गई, लेकिन अनिल का कुछ पता नहीं चल सका।
बुधवार सुबह गांव से पूरब भदैया आहर में शव मिला। सुबह सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की बाबत मृतक के पिता ने थाने में आवेदन देकर उसके चारों साथियों को आरोपित किया है। अनिल दो भाइयों में छोटे थे। उनकी एक बहन भी है। अनिल अपने पीछे एक 10 वर्षीय पुत्र और सात वर्षीया पुत्री को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी कुमारी मधु उर्फ ज्योति मधेपुरा स्थित स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम के पद पर कार्यरत हैं।
मृतक के पिता के आवेदन पर केस दर्ज कर लिया गया है। घटना के संबंध में अनुसंधान जारी है। जल्द ही पुलिस मामले का पर्दाफाश कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार करेगी। - डा. राकेश कुमार, एसडीपीओ, जमुई।
घर में शोक
मृतक के स्वजनों में शोक की लहर है। लोग कह रहे हैं युवक काफी समझदार और सभ्य है। पता नहीं इसकी हत्या क्यों हुई। कभी किसी से उसने विवाद भी नहीं किया था। व्यवहार कुशल होने के कारण सभी का वह चहेता था।