NDA में नहीं होगी टूट, उपेंद्र कुशवाहा की गलतफहमी को दूर कर लिया जाएगा
सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि उपेन्द्र कुशवाह से मुलाकात होने से उनकी गलतफहमी को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। हम अपने किसी सहयोगी को खोना नहीं चाहते। एनडीए मजबूत है।
भागलपुर (जेएनएन)। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि अभी देश के कई राज्यों में चुनाव हो रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। वे प्रतिदिन पांच सभाएं और रोड शो कर रहे हैं। चुनाव प्रचार के बाद रालोसपा नेता उपेंद्र कुशवाहा की मुलाकात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से होगी।
शाहनवाज हुसैन भागलपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुलाकात होने से उनकी गलतफहमी को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। प्रवक्ता ने कहा कि हम अपने किसी सहयोगी को खोना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ चुनाव में भाजपा की ही जीत होगी। इन राज्यों में भाजपा मजबूत स्थिति में है। हुसैन ने कहा कि वे मध्यप्रदेश और राजस्थान के कई क्षेत्रों में चुनाव प्रचार और रोड शो कर रहे हैं। लोगों का रूझान देखकर यह कहा जा सकता है कि भाजपा को पहले की तुलना में अधिक सीटें मिलेंगी।
कहा कि नरेंद्र मोदी के पीएम बनने के बाद देश मजबूत हुआ है। दावा किया कि महंगाई दर में कमी आई है। चुनाव प्रचार में मोदी के उतरने से भाजपा की लहर तेज हुई है। दावा किया कि तेलंगाना में भाजपा मजबूत स्थिति में रहेगी वहीं मिजोरम में कांग्रेस की सरकार नहीं बनने वाली है। वहां भाजपा मजबूती से चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी के एनडीए में आने से मजबूती मिली है। इस बार मिशन 40 है। कहा कि राजस्थान सहित कई राज्यों में कांग्रेस भ्रम फैला रही है। मोदी को नीचा दिखाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस की मानसिकता ठीक नहीं है। मौके पर जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय, पूर्व अध्यक्ष नभय चौधरी, युवा अध्यक्ष अभिनव, पवन चौधरी और सुनील झा थे।