बदलेगी गांव की सूरत, नवहट्टा हो जाएगा नगर, इस तरह मिलेगा शहर को विस्तार
सहरसा के नवहट्टा में बदलाव अब जल्द दिखने लगेगा। इसे नगर पंचायत का दर्ज मिल गया है। नवहट्टा पूर्वी पंचायत में 15 वार्ड एवं नवहट्टा पश्चिम 17 वार्ड में बंटा हुआ है। जिसमें बाजार का पांच वार्ड भी शामिल है।
जागरण संवाददाता, सहरसा। नवहट्टा पूर्वी एवं पश्चिमी पंचायत अब पंचायत नहीं नगर पंचायत बन जाएगा। राज्य सरकार की कैबिनेट में निर्णय को हरी झंडी मिल गई है। कल तक गांव कहा जाने वाला नवहट्टा अब नगर कहलाएगा। नवहट्टा पूर्वी पंचायत में 15 वार्ड एवं नवहट्टा पश्चिम 17 वार्ड में बंटा हुआ है। जिसमें बाजार का पांच वार्ड भी शामिल है। नवहट्टा बाजार की बड़ी आबादी की आय कृषि के बजाय दूसरे कारोबार पर निर्भर करती है। यहां के लोग दुकानदारी, मखाना कारोबार, मछली कारोबार सहित छोटे उद्योग आदि किया करते हैं। दोनों पंचायत के कितने वार्ड नगर पंचायत के परिसीमन में आते हैं। यह बातें अभी सामने नहीं आई है लेकिन लोगों की उम्मीदें बढ़ गई है। इसका असर भी दिखने लगेगा। यहां पर इसे नगर पंचायत का दर्जा देने को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही थी। अब यहां के लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही यहां पर बदलाव होगा।
नगर पंचायत बनने का सीधा असर भविष्य में विकास होगा। इस समय तो आम जनता को परेशानी हो रही है। साफ-सफाई, नाला, स्ट्रीट लाइट लगेगा। -अभिमन्यु अमर
नगर पंचायत तो बना दिया जाएगा परंतु आधारभूत सुविधाओं के लिए धन की भी व्यवस्था होनी चाहिए। सड़क, गलियों की व्यवस्था सुव्यवस्थित होगी। -मजहर खान बबलू
नगर पंचायत बनाने का फायदा बाद में मिलेगा। जल जमाव और जल निकासी की समस्या विकराल है। नगर पंचायत बनने के बाद तेज गति से विकास भी हो तभी जाकर नपं बनने का लाभ मिलेगा। -संजय ठाकुर
व्यवसाय के नए द्वार खुलेंगे। अब तक टैक्स से मुक्त रहने वाले लोगों पर टैक्स का बोझ बढ़ेगा। मनमाने तरीके से संरचना पर रोक लगेगी। -श्रवण कुमार झा
ग्राम पंचायत में रहना काफी अच्छा था। ग्राम पंचायत में रहने के दौरान सारे कार्य सुगमता के साथ हो जाते थे। अब तो एक प्रमाण पत्र बनाने के लिए मशक्कत करनी पड़ेगी। -हैना खान