जमुई के माधोपुर का ईको पार्क बिहार-झारखंड के लोगों के भ्रमण से हो रहा गुलजार
जमुई जिले का माधोपुर ईको पार्क बिहार झारखंड सहित अन्य पड़ोसी राज्यों के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनते जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग यहां घुमने एवं प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने आ रहे हैं। पर्यटकों को कोई दिक्कत न हो इसका खास व्यवस्था की गई है।
जागरण संवाददाता, जमुई । चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर में स्थित और बिहार झारखंड के सबसे बड़े बायो डायवर्सिटी ईको पार्क लोगों के आगमन से गुलजार हो रहा है। प्रतिदिन सुबह 9 बजते ही बड़ी संख्या में यहां लोगों की भीड़ पार्क के भ्रमण के लिए पहुंच रही है। रविवार को भी बड़ी संख्या में लोग यहां पार्क का आनंद उठाने पहुंचे। बड़ी संख्या में युवाओं और लोगों की टोली भ्रमण के लिए पहुंची जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। पुलिस एवं प्रशासनिक विभाग के कई पदाधिकारी भी अपने परिवारजनों के साथ पार्क का भ्रमण करते देखे गए।
पड़ोसी राज्य झारखंड के कई जिलों से आते हैं लोग
यहां पहुंचे लोगों में अधिकतर लोग बिहार के साथ-साथ पड़ोसी राज्य झारखंड के देवघर, गिरीडीह आदि शहरों से भी अपने परिवारजनों के साथ घूमने आ रहे हैं। लोग पार्क का घूम-घूमकर खूब आनंद ले रहे हैं । पर्यटक कलप्त्रू वन, सीता वन, अशोक वाटिका, पुष्प उद्यान, नौका विहार, झूला, स्विमिंग पूल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे के बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। इसके साथ ही लोगों ने यहां पार्क में लगे सैकड़ों प्रजातियों के पौधे से धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को भी जाना। वहीं पार्क में विचरण करते मोर पक्षियों का झुंड लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। रेंजर राजेश कुमार ने बताया कि यहां आने वाले लोगों को हर संभव सुविधाएं दिए जाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि बड़ी संख्या में लोग यहां घूमने आएं। रेंजर ने बताया कि पार्क घूमने आए लोगों को विभाग द्वारा पार्क के संबंध में हरसंभव जानकारी से अवगत कराया गया।
सीएम के आगमन को ले 11 से 16 जनवरी तक बंद रहेगा पार्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के माधोपुर ईको पार्क में संभावित आगमन को लेकर 11 से 16 जनवरी तक पार्क बंद रहेगा। रेंजर राजेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर पार्क में लगातार जिले के वरीय पदाधिकारी द्वारा जायजा लिया जा रहा है। इस दौरान पार्क खुला रहने से विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो जाती है। ऐसे में तैयारियों को गति प्रदान करने को लेकर छह दिनों तक पार्क आम लोगों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान वन विभाग के कर्मियों द्वारा पार्क का मेंटनेंस कार्य किया जाएगा। पुन: 17 जनवरी से पार्क आम लोगों के लिए खुलेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पार्क के मुख्य द्वार पर सूचना दी गई है।