अपराधियों ने घर में घुसकर महिला को मारी गोली
महिला सूद पर रुपये के लेन-देन का करती थीं काम।
खगड़िया। खगडि़या जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत नवादा गांव में सोमवार की देर रात को 45 वर्षीय महिला को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रुप से जख्मी कर दिया। महिला की पहचान खरैता गांव की चंडिका देवी के रूप में हुई है। गोली महिला के जबड़े में लगी है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गुंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया तथा जख्मी महिला को सदर अस्पताल भिजवाया। वहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार चंडिका देवी नवादा स्थित अपने घर में सोई हुई थी। अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर उन्हें गोली मार दी। इसके बाद सभी अपराधी आराम से भाग निकले। सूत्रों की मानें तो महिला सूद पर रुपये के लेन-देन का कार्य करती हैं। अक्सर वे अपने गांव खरैता में ही रहती थीं। लेकिन, कुछ दिन पूर्व से वे वहां से अपने नवादा स्थित घर में रह रही थीं। थानाध्यक्ष गुंजन कुमार ने बताया कि जख्मी अभी बोलने की स्थिति में नहीं है। उनके फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस घटना के कारण व हमलावर अपराधियों का पता लगाने में जुट गई है।