Jamui: शादी समारोह में वर और वधु पक्षों जमकर हुई मारपीट, थाने पहुंची बात, दूल्हा फरार, जानिए.. वजह
जमुई में शादी समारोह में वर और वधु पक्षों मारपीट हो गई। बताया जा रहा कि दुल्हन की जाति दूल्हे की जाति से अलग है। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। वर पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। जमुई के एक गांव में शक की सूई ने शादी रोक दी और बिना शादी के ही बारात वापस लौट गई। अब संतुष्टी के बाद ही सात फेरे की तारीख तय होगी। इसके पहले दोनों पक्ष में जमकर मारपीट भी हुई और कुछ लोग घायल भी हो गए। मामला इतना बढ़ गया कि दूल्हा खुद बारात को साथ लेकर न्याय के लिए थाने पहुंच गया। यह मामला चकाई थाना क्षेत्र के महारायडीह गांव स्थित ऊपर टोला का है। दरअसल गुरुवार की देर रात झारखंड के गिरिडीह जिला अंतर्गत राजधनवार उपरैली टोला से दूल्हा विकास राय और उसके साथ करीब 22 बाराती चकाई थाना क्षेत्र के महारायडीह स्थित ऊपरी टोला के एक परिवार में आए।
बारातियों के आने के बाद लड़की पक्ष द्वारा नाश्ता पानी दिया गया। इसी दौरान दूल्हा पक्ष वालों को यह पता चला कि जिस लड़की से शादी तय हुई है वो उसके जाति की नहीं है और उसका घर भी यहां नही है। उसके बाद लड़के वालों ने शादी से इंकार कर दिया। इसी सवाल पर दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी। जिसमें दोनों पक्षों के तीन-तीन लोग आंशिक रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद लड़का पक्ष शादी से इंकार करते हुए दूल्हे को साथ लेकर न्याय के लिए देर रात्रि चकाई थाना पहुंच गए और हो हल्ला करने लगे। इसके बाद चकाई पुलिस ने बरात पक्ष से बातचीत की। इस दौरान बारात पक्ष के तीन लोग शराब के नशे में पाए गए जिसे ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई तो तीन लोगों में शराब की पुष्टि हुई इसके बाद तीनों को जेल भेज दिया गया। जिन लोगों को जेल भेजा गया उनकी पहचान राजधनवार निवासी रंजीत राय गोविंद राय और अरविंद राय के रूप में हुई है। थोड़ी देर बाद लड़की पक्ष वाले लोग भी पहुंच गए और लड़का पक्ष पर शादी का दबाव बनाने लगे लेकिन लड़का पक्ष के लोग किसी भी सूरत में शादी को तैयार नहीं हुए।
दूल्हा विकास राय और उनके जीजा नंद किशोर राय ने बताया कि उन लोगों को पता चला कि जिस लड़की से शादी होने वाली है उसका घर यहां नहीं है। वे लोग कहीं दूसरी जगह के है और उसके स्वजातीय भी नहीं हैं। जब तक सारा मामला साफ नहीं हो जाता शादी नहीं करेंगे। इस मामले में काफी देर तक थाने में ही दोनों पक्षों में बातचीत होती रही। वहीं, से मौका पाकर दूल्हा घर फरार हो गया। शेष बाराती भी थाने से निकल गए। लड़की पक्ष के लोग वापस गांव लौट आए। बताया कि जा रहा है कि वर पक्ष को संतुष्ट करने के बाद शादी की अगली तारीख तय की जाएगी।
लड़का और लड़की पक्ष के लोग थाने आए थे। लेकिन किसी प्रकार का कोई आवेदन नहीं दिया है। दोनों पक्षों ने थाने में ही आपस में समझौता किया कि आपस में फैले भ्रम को दूर कर शादी की अगली तिथि कुछ दिनों बाद निर्धारित की जाएगी और शादी विवाह संपन्न कराया जाएगा। - राजीव कुमार तिवारी, थानाध्यक्ष, चकाई