बांका जदयू कार्यालय पहुंचा पूर्व विधायक जनार्दन मांझी का पार्थिव शरीर, भागलपुर में होगा दाह संस्कार
बांका के पूर्व जदयू विधायक जनार्दन मांझी का शव आज पटना से यहां लाया गया। जदयू कार्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। बौंसी स्थित आवास से शव यात्रा निकाली जाएगी। भागलपुर में उनका दाह संस्कार होगा। उनके निधन पर बांका व भागलपुर में शोक है।
जागरण संवाददाता, बांका। पूर्व जदयू विधायक जनार्दन मांझी का पार्थिव शरीर बांका सर्किट हाउस स्थित जदयू कार्यालय लाया गया। जहां विभिन्न दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके पुत्र ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज कुशवाहा लगातार मौजूद रहे। पटना में ही उनका इलाज के दौरान निधन हो गया था। जयंत राज कुशवाहा ने बताया की शव का अंतिम संस्कार भागलपुर के बरारी श्मशान घाट पर किया जायेगा। बांका जदयू कार्यालय से शव को बौंसी स्थित आवास पर ले जाया गया है। दोपहर बाद उनकी शव यात्रा निकाली जाएगी। एक सप्ताह पूर्व विधायक बौसी स्थित आवास पर स्नान के क्रम में बाथरूम में गिर गए थे।
इसके बाद उनका इलाज पटना के एक निजी क्लीनिक में किया जा रहा था। जहां कल मंगलवार की शाम उनका निधन हो गया था। उनके निधन के बाद पूरे बांका जिले में शोक की लहर है। सभी पार्टियों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनकी सादगी की चर्चा हरेक पार्टी के कार्यकर्ता करते हैं। वर्ष 2020 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान वे चुनाव नहीं लड़े। उन्होंने अपने पुत्र जयंत राज कुशवाहा को अमरपुर विधानसभा से जदयू का टिकट दिलवाया। जयंत राज अमरपुर से विधायक चुने गए। वे अभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्री हैं। यहां बता दें कि जनार्दन मांझी लगातार तीन टर्म (15 वर्ष) तक विधायक रहे। वे पहली बार बेलहर विधानसभा से जदयू के विधायक बने। इसके बाद लगातार दो बार अमरपुर विधानसभा से जदयू के विधायक थे। वे जदयू के संस्थापक सदस्य थे।
उनके निधन पर भागलपुर में भी शोक है। भागलपुर के जदयू जिलाध्यक्ष पंचम श्रीवास्तव, दीपक भुवानिया, विभूति गोस्वमी, सुड्डू साईं, डॉ अजय कुमार सिंह सहित विधायक गोपाल मंडल व ललित नारायण मंडल ने उनके निधन पर शोक जताया है। भागलपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष पंचम श्रीवास्तव ने कहा कि भागलपुर के बरारी श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा। दाह संस्कार की वहां तैयारी की जा रही है।