बिहार: बांका में बरसे तेजस्वी, कहा- नीतीश सरकार ने शराबंदी को बनाया कमाई का जरिया
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी शनिवार को बांका में थे। उन्होंने जिले में महागठबंधन के राजद प्रत्याशी के समर्थन में एक ही दिन में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
बांका, जेएनएन। पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने शनिवार को कहा कि यह देश और संविधान को बचाने का चुनाव है। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि पलटू चाचा कहा करते थे कि वह मिट्टी में मिल जाएंगे, लेकिन भाजपा के साथ नहीं मिलेंगे। लेकिन, भाजपा के साथ गठबंधन कर उन्होंने अपनी विश्वसनीयता खत्म कर दी। अब मतदाता उन्हें मिट्टी में मिला देंगे। कहा- तेजस्वी तो एक बहाना था। उन्हें भाजपा में जाना था। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार ने शराबबंदी को कमाई का जरिया बनाया।
उन्होंने कहा कि एक बीमार पिता से बेटे को मिलने नहीं दिया गया, जबकि उन्हें विभिन्न प्रकार की बीमारियां हैं। लालूजी के साथ अमानवीय व्यवहार हो रहा है। मोदी लालू प्रसाद से डरते हैं। इस कारण एक साजिश के तहत उन्हें जेल में भेज दिया गया। तेजस्वी ने कहा कि देश में 22 लाख नौकरियों को खत्म कर उन्हें प्राइवेट सेक्टर के हाथों सौंपी जा रही हैं। वहां युवाओं को आरक्षण का लाभ ही नहीं मिलेगा। 10 प्रतिशत आरक्षण ही घातक साबित हो रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भ्रष्टाचार में एवं उपमुख्यमंत्री सुमो को अपराध में लिप्त बताया। कहा, सृजन घोटाला से बचने के लिए मुख्यमंत्री भाजपा से मिल गए। इंजीनियरिंग वाला दिमाग लगाकर उन्होंने शराबबंदी को अवैध कमाई का जरिया बनाया। सूबे में खुलेआम शराब की होम डिलीवरी हो रही है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सारे वादे हवा हवाई हो गए। पीएम नीरव मोदी मेहुल चोकसी एवं विजय माल्या जैसे लोगों की मदद कर रहे हैं। वे धर्म के नाम पर देश को बांटना चाहते हैं। पूर्व डिप्टी सीएम ने मतदाताओं से महागठबंधन प्रत्याशी जयप्रकाश नारायण यादव को समर्थन देने की अपील की। सभा को कटोरिया विधायक स्वीटी सीमा हेंब्रम, पूर्व मंत्री आलोक मेहता, विजय प्रकाश, प्रमुख बमबम यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, जुम्मन आदि ने भी संबोधित किया।