सुशांत के हत्यारे पकड़ से दूर, उनके दो सहयोगी गिरफ्तार, जानिए कैसे हुई गिरफ़तारी
खाद व्यवसायी अनुजदेव सिंह के पुत्र सुशांत कुमार शिवम हत्याकांड में पुलिस ने दो शातिर को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपितों में मुहम्मद लाल उर्फ अंग्रेज और मुहम्मद भोलू उर्फ अली शेर शामिल हैं। फुलिस ने मीडिया को यह जानकारी दी है
भागलपुर, जेएनएन। खाद व्यवसायी अनुजदेव सिंह के पुत्र सुशांत कुमार शिवम हत्याकांड में पुलिस ने दो शातिर को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपितों में मुहम्मद लाल उर्फ अंग्रेज और मुहम्मद भोलू उर्फ अली शेर शामिल हैं। पुलिस ने तकनीकी निगरानी में दोनों को टावर लोकेशन के आधार पर दबोचा है।
हालांकि पुलिस गिरफ्त से अभी भी सुशांत की हत्या कर 25 लाख रुपये लूट कर भागने वाले अभी भी पकड़ से दूर हैं। लाल और भोलू की पहचान हत्यारों के सहयोगियों के रूप में मोबाइल के टावर लोकेशन के आधार पर सामने आई है। सिटी एसपी एसके सरोज ने गुरुवार को सिटी एएसपी पूरण कुमार झा, डीएसपी निसार अहमद शाह, अकबरनगर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा, जोगसर प्रभारी एके अजनवी के साथ मीडिया को पुलिस उपलब्धि की जानकारी दी। पत्रकार वार्ता में सिटी एसपी ने दोनों गिरफ्तार आरोपितों को भी प्रस्तुत किया। उनके पास से पुलिस ने दो मोबाइल बरामद किया है।
सिटी एसपी ने जानकारी दी कि सुशांत के चाचा सुनील कुमार का मोबाइल 17 अक्टूबर 2020 को गुम हो गया था। उस मोबाइल के लोकेशन लाल और भोलू के मोबाइल से साथ-साथ मैच करता मिला है। सिटी एसपी ने यह भी जानकारी दी कि सुशांत के चाचा सुनील का गुम हुआ मोबाइल अबतक बरामद नहीं हो सका है। उन्होंने मोबाइल गुम होने पर उसकी रिपोर्ट भी थाने में दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस टीम हत्यारों के इन दो सहयोगियों के पास से लूटी गई रकम, हथियार बरामद नहीं कर सकी।
सिटी एसपी ने सुशांत हत्याकांड में पकड़े गए दोनों बदमाशों की संलिप्तता की जानकारी देते हुए बताया कि हत्याकांड में कुल सात बदमाश शामिल थे। इन दोनों ने बाइक से सुशांत की बाइक को ओवरटेक कर रोका था। दूसरी बाइक से आए दो अन्य बदमाशों ने सुशांत और उसके साथ बाइक पर बैठे अमन कुमार से रुपये भरा बैग छीनने लगे। उसी क्रम में विरोध करने पर सुशांत को बदमाशों में एक ने गोली मार दी। दोनों बदमाशों का पता नहीं चल सका है। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगी हुई है। सिटी एसपी ने दावा किया कि जल्द ही घटना में शामिल अन्य बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।