बिहार के सहरसा में सुशांत सिंह राजपूत के भाई को मारी गोली, कर्मी को भी बनाया निशाना
बिहार के सहरसा में दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के दूर के ममेरे भाई को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। अपराधियों ने उनके शो रूम के कर्मी मो. अमीर हसन को भी गोली मारी है। वारदात में हसन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जागरण टीम, सहरसा। बिहार में बेफौफ अपराधियों ने शनिवार को बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सहरसा के बैजनाथपुर चौक के पास दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के दूर के ममेरे भाई राजकुमार सिंह को बाइक सवार तीन अपराधियों ने दिनदहाड़े गोली मार दी। अपराधियों ने उनके कर्मी मो. अमीर हसन को भी गोली मारकर घायल किया है। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। दोनों को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन करने पहुंच गई है। दोनों को गोली क्यों मारी गई? ये अभी साफ नहीं हो सका है। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीकैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
बाइक से जा रहे थे, मारी गोली
राजकुमार सिंह ने बताया कि सुपौल, सहरसा और मधेपुरा में उनका बाइक शोरूम है। वे सहरसा के आजाद चौक स्थित अपने घर से मधेपुरा स्थित अपने शोरूम जा रहे थे। बैजनाथपुर चौक के समीप उन्होंने गम्हरिया निवासी अपने कर्मी मो. अमीर हसन को लिया। यहां से बाइक अमीर चलाने लगे। तीरी के आगे एक ईंट चिमनी के पास एक बिना नंबर की ग्लैमर बाइक पर सवार तीन बदमाश पीछे से आए और पिस्तौल से उनपर गोलियां चलाने लगे। इस बाइक का चालक हेलमेट पहने हुए था और बाकी के दो बदमाश मास्क लगाए हुए थे। एक गोली उनके दाहिनी पैर में और दूसरी गोली अमीर के पेट में लगी। इसके बाद इन दोनों को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ संतोष कुमार व थानाध्यक्ष राजमणि नर्सिंग होम पहुंचे। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। चिकित्सक रंजेश सिंह ने बताया कि दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है। सदर एसडीपीओ ने बताया कि गोली मारने की घटना के बारे में छानबीन की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।