सुपौल : पुत्री की शादी के लिए बैंक से कर्ज लेकर पति के साथ लौट रही थी शिक्षिका, तभी हो गई बड़ी घटना
सुपौल में एक शिक्षिका से लूट की घटना घटी है। शिक्षिका राशि निकाल कर पति के साथ बैक से लौट रही थी। पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तार करने का किया दावा। शिक्षका काफी परेशान हैं।
संवाद सूत्र, छातापुर (सुपौल)। सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के रजवाडा और रामपुर के बीच एसएच 91 पर गुरुवार को बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े एक शिक्षिका से तीन लाख रुपये लूट लिए। घटना शुक्रवार की शाम करीब साढ़े चार बजे की है। पीडि़ता द्वारा इसकी सूचना दिए जाने पर पुलिस ने मामले की छानबीन की। छातापुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार हरिपुर प्राथमिक विद्यालय में पदस्थापित शिक्षिका उषा भारती पुत्र उमंग कुमार के साथ भारतीय स्टेट बैंक की त्रिवेणीगंज शाखा से तीन लाख रुपये की निकासी कर बस से घर लौट रही थी। उसी दौरान रास्ते में छातापुर पावर ग्रिड के समीप स्थित अनंत हीरो शो रूम में वह अपनी पुत्री की शादी में उपहार स्वरूप देने के लिए एक मोटर साइकिल लेने के लिए रुक गई। उनके पति उपेंद्र राम पूर्व से वहां थे। गाड़ी लेने के उपरांत पीडि़ता पति के साथ नई हीरो स्प्लेंडर गाड़ी पर सवार होकर हरिहरपुर लौट रही थीं।
इसी बीच पूर्व से उनका पीछा कर रहे अपाचे बाइक पर सवार दो अपराधियों ने राजवाड़ा रामपुर के बीच उन्हें ओवरटेक कर उनका पर्स छीन कर उत्तर दिशा की ओर भाग गए। शिक्षिका ने दर्ज मामले में पर्स में रखे तीन लाख रुपये, मोबाइल फोन व अन्य कई जरूरी कागजात लूटे जाने की बात कही है। बताया जा रहा है कि पीडि़ता द्वारा पुत्री की शादी हेतु बैंक से कर्ज लिया गया था। कर्ज की राशि की निकासी कर वह घर लौट रही थीं।
इस संदर्भ में थानाध्यक्ष अभिषेक अंजन ने बताया कि सूचना मिलते ही दलबल के साथ वे घटना स्थल पर पहुंचे और वस्तुस्थिति का जायजा लिया। शिक्षिका से लूटे गये पर्स में उसका मोबाइल भी था। मोबाइल के टावर लोकेशन के आधार पर पुलिस ने अपराधियों के भागने की दिशा में प्रतापगंज तक पीछा किया। लेकिन अपराधी पुलिस की पकड़ में नही आ सके। पुलिस ने अपराधियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्त में लेने का दावा किया है।