मास्क अभियान ने भी मनाया संडे
जिला प्रशासन की ओर से चलाया जा रहा दस दिवसीय मास्क जांच अभियान रविवार को टांय-टांय फिस्स रहा। शहर की सड़कों पर इक्का-दुक्का जगह ही मास्क की जांच हुई।
भागलपुर। जिला प्रशासन की ओर से चलाया जा रहा दस दिवसीय मास्क जांच अभियान रविवार को टांय-टांय फिस्स रहा। शहर की सड़कों पर इक्का-दुक्का जगह ही मास्क की जांच हुई। ऐसा लग रहा था कि मानों मास्क अभियान संडे (छुट्टी) मना रहा हो। डिक्शन रोड बस स्टैंड, उल्टा पुल, वेरायटी चौक, खलीफाबाग चौक, भीखनपुर, तिलकामांझी, ततातरपुर बाजार में अच्छी भीड़ रही। इन जगहों पर पैदल और वाहन सवार कई लोग बगैर मास्क के थे। बस और ऑटो पर सवार यात्रियों ने भी मास्क नहीं पहने थे। इन्हें रोकने-टोकने वाला कोई नहीं था।
हर रविवार को खलीफाबाग से वेरायटी चौक तक लगने वाले संडे बाजार में सामान खरीदने आने वाले ज्यादातर लोग बिना मास्क के थे। दरअसल, चार से 13 सितंबर तक जिला प्रशासन की ओर से मास्क जांच अभियान में 25 दंडाधिकारियों को शहरी क्षेत्र में तैनात किया गया है। इन्हें मास्क नहीं पहनने वालों से जुर्माना वसूलना और लोगों को मास्क पहनने के लिए प्रेरित करना है। अधिकारियों की उदासीनता के कारण अभियान परवान नहीं चढ़ पर रहा है। रविवार को जिले में 166 लोगों से 8300 जुर्माना वसूला गया।
--------------