17 हजार 'कन्या' पांच साल में हुईं समृद्ध, आप भी उठाएं यह फायदा, जानिए Bhagalpur News
डाकविभाग ने सुकन्या समृद्धि योजना को बेहतर ढंग से लागू किया है। इस योजना के लिए खाते खुलवाने सहित सभी प्रकार की जानकारी लाभुकों को दी जा रही है।
भागलपुर [आलोक कुमार मिश्रा]। डाक विभाग की सुकन्या समृद्धि योजना से बेटियों का भविष्य सुरक्षित हो रहा है। पिछले पांच साल में करीब 17 हजार बेटियों को इस योजना का लाभ मिला है। इसके तहत जन्म से दस साल की उम्र की बच्ची का खाता डाकघर में खोला जाता है। खाता खोलने के लिए कम से कम 250 रुपये और अधिकतम डेढ़ लाख रुपये तक जमा कर सकते हैं। 15 साल तक खाता में राशि जमा करना अनिवार्य है। इस पर 8.4 फीसद की दर से ब्याज मिलता है।
उच्च शिक्षा के लिए 50 फीसद निकासी की सुविधा
उच्च शिक्षा के लिए खाते से 50 फीसद राशि की निकासी का प्रावधान है, लेकिन संबंधित शिक्षण संस्थान के बारे में जानकारी उपलब्ध कराना होगा।
नया खाता के लिए इन चीजों की जरूरत
-खाता खोलने के लिए बच्ची के माता-पिता या कानूनी अभिभावक का फोटो पहचान पत्र, आवास प्रमाण पत्र और मोबाइल नंबर जरूरी है।
-18 साल के बाद खाता को लड़की के नाम से कर दिया जाएगा। इसके लिए लड़की का जन्म प्रमाण-पत्र, माता-पिता या अभिभावक का नाम, पता आदि देना होगा।
-एक साल में कम से कम 250 रुपये खाता जमा करना जरूरी है। राशि जमा नहीं होने पर 50 रुपये जुर्माना लगेगा।
-लड़की का विवाह होने के बाद खाता बंद करना अनिवार्य है।
-बच्ची के बीमार होने या विशेष परिस्थिति में (मेडिकल के आधार पर) खाता बंद कर सकते हैं।
किस साल कितने खाता खुले और कितनी राशि जमा हुई
1. वर्ष 2014-15 -316 खाता खुले और 02 करोड़ 52 लाख 67 हजार 704 रुपये जमा हुए।
2. वर्ष 2015-16 -5506 खाता खुले और 22 करोड़ 64 लाख 25 हजार 93 रुपये जमा हुए।
3. वर्ष 2016-17 -2801 खाता खुले और 06 करोड 87 लाख, 8 हजार 447 रुपये जमा हुए।
4. वर्ष 2017-18 -3023 खाता खुले और 6 करोड़ 46 लाख 87 हजार 866 रुपये जमा हुए।
5. वर्ष 2018-19 -2656 खाता खुले और 3 करोड़, 4 लाख 66 हजार 570 रुपये जमा हुए।
6. वर्ष 2019-20 (21.1.20 तक) -2697 खाता खुले और 1 करोड़ 8 लाख 18 हजार जमा हुए।
पांच सालों में अब तक सुकन्या समृद्धि योजना के कुल 16 हजार 999 खाता खोले गए हैं, जिसमें 42 करोड़ 63 लाख 73 हजार 680 रुपये खाते में जमा हुए हैं। -एसके सुमन, डाकपाल प्रधान डाकघर, भागलपुर।