ओलंपियाड प्रतियोगिता की शुरू करें तैयारी, जीतने पर मिलेंगे बंपर इनाम Bhagalpur News
इस प्रतियोगिता में जीतने वालों को बंपर इनाम दिए जाएंगे। ओलंपियाड और क्विज प्रतियोगिता 2019 दिसंबर से शुरू होगा। जिलास्तरीय प्रतियोगिता 18 दिसंबर को आयोजित की जाएगी।
भागलपुर [जेएनएन]। इस बार जिला, प्रमंडल और राज्यस्तरीय ओलंपियाड व क्विज प्रतियोगिता बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से की जा रही है। इसमें माध्यमिक और उच्च स्कूलों से दो-दो छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में जीतने वालों को बंपर इनाम दिए जाएंगे। इस प्रतियोगिता के लिए सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक और जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र भेजकर निर्देश दिया गया है। ओलंपियाड और क्विज प्रतियोगिता 2019 दिसंबर से शुरू होगा। जिलास्तरीय प्रतियोगिता 18 दिसंबर, प्रमंडल स्तरीय ओलंपियाड चार जनवरी और राज्यस्तरीय ओलंपियाड 14 मार्च को होगी। जिला स्तर और प्रमंडल स्तर पर होने वाले प्रतियोगिता के लिए प्राचार्य 18 दिसंबर से पहले लिखित परीक्षा लेंगे। परीक्षा में अव्वल रहने वालों को प्रतियोगिता के लिए चयनित होंगे। चयनित छात्र-छात्राओं की सूची प्रधानाध्यपाक जिला शिक्षा पदाधिकारी को देंगे। ओलंपियाड के लिए कक्षा 10 के पाठ्यक्रम से गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषय में सौ-सौ अंक प्रश्न पूछे जाएंगे।
जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर पर मिलने वाला पुरस्कार
जिलास्तर पर जीतने वाले को पहला पुरस्कार 25 हजार नकद और मेडल, दूसरा पुरस्कार 20 हजार व मेडल, तीसरा पुरस्कार-15 हजार और मेडल है। सांत्वना पुरस्कार 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। प्रमंडल स्तर पर प्रथम पुरस्कार लाने वाले 40 हजार नकद और मेडल, दूसरा पुरस्कार 30 हजार और मेडल और तीसरा पुरस्कार 20 हजार और मेडल दिए जाएंगे। वहीं सांत्वना पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये मिलेंगे। जबकि राज्यस्तर पर पहला स्थान लाने वाले 50 हजार रुपये, लैपटॉप और मेडल, दूसरा पुरस्कार 25 हजार नकद, लैपटॉप और मेडल, तीसरा पुरस्कार 10 हजार नकद लैपटॉप और मेडल दिए जाएंगे। वहीं, सांत्वना पुरस्कार के रूप में लैपटॉप तथा मेडल दिए जाएंगे।