काजल हत्याकांड की पैरवी करना छोड़ दो वरना करा देंगे कत्ल, पिता को भागलपुर अदालत में मिली धमकी
काजल हत्याकांड भागलपुर पिता मुहम्मद आरिफ को कचहरी में मिली धमकी जोगसर थाने में भयभीत आरिफ ने की शिकायत। काजल के स्वजन दहशत में आ गए हैं। छानबीन में जुटी पुलिस 18 जुलाई 2021 को दिनदहाड़े गर्भवती काजल की हुई थी गोली मारकर हत्या।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। बबरगंज थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद, मोगलपुरा में 18 जुलाई 2021 को दिनदहाड़े हुई गर्भवती काजल हत्याकांड की पैरवी में कचहरी पहुंचे काजल के पिता आरिफ खान को हत्या करा देने की धमकी मिली है। आरिफ बेटी की हत्या में जेल में बंद आरोपितों की जमानत अर्जी की स्थिति का पता लगाने पहुंचा था। कचहरी में उसका सामना आरोपित जेबा खान के पिता मुहम्मद मुन्ना से हो गया। मुन्ना इसी हत्याकांड में नामजद इंतेसार का ससुर भी है।
आरिफ को देख मुन्ना गुस्से से लाल हो गया। उसने आरिफ को धमकी दी कि वह काजल हत्याकांड की पैरवी करना छोड़ दे वरना उसका कत्ल करवा देंगे। धमकी से भयभीत आरिफ जोगसर थाने में घटना की बाबत आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई करने और जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। जोगसर पुलिस आरिफ की अर्जी पर छानबीन में जुट गई है।
घर के दरवाजे पर मार दी गई थी काजल को गोली
आठ माह की गर्भवती काजल को 18 जुलाई 2021 को मोगलपुरा मोहल्ले में घर के दरवाजे के पास ही गोली मार दी गई थी। गोली लगने के कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई थी। उसे तब जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। उसके गर्भ में मौजूद बच्चे को भी बचाने का तब चिकित्सकों ने बचाने का प्रयास किया था लेकिन सफल नहीं हुो सके थे। बदमाश दरअसल काजल के पिता आरिफ को निशाना बनाना चाह रहे थे लेकिन दरवाजे पर आई काजल को गोली लग गई थी।
आरिफ का बदमाशों से तनातनी चल रही थी। हत्या में कुख्यात रहतम कुरैशी, पाशा बादशाह, इंतेसार, जेबा समेत अन्य आरोपित बनाए गए थे। बबरगंज पुलिस अधिकांश आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। हत्याकांड में बबरगंज थानाध्यक्ष पवन कुमार ङ्क्षसह की आरोपितों के साथ कथित मिलीभगत और उनके पक्ष में धमकाने, समझौता करने का दबाव बनाने मामले में आरिफ लोकायुक्त के यहां शिकायत किया था जिसमें संज्ञान लेते हुए लोकायुक्त ने थानाध्यक्ष को नोटिस भी जारी करते हुए मामले में सुनवाई भी शुरू कर दी है।