स्टेशन मास्टर ने पुलिस बुलाई तो अपराधियों को आया गुस्सा, केबिन में घुसकर मारी गोली
बिहार के भागलपुर के एक स्टेशन पर अपराधियों ने स्टेशन मास्टर को कंबिन में घुसकर गोली मार दी। घटना कर पूरी जानकारी के लिए पढ़ें यह खबर।
भागलपुर [जेएनएन]। स्टेशन पर अपराधियों की करतूत देखकर स्टेशन मास्टर ने पुलिस को आवाज लगा दी। इससे बौखलाए अपराधियों ने उन्हें केबिन में घुसकर गोली मार दी और आराम से चलते बने। घटना भागलपुर के नवगछिया स्थित कटारिया स्टेशन पर हुई।
अपराधियों के खिलाफ लगाई पुलिस को आवाज
जानकारी के अनुसार मंगलवार व बुधवार की रात करीब 1.30 बजे स्टेशन परिसर में कुछ अपराधियों ने आरपीएफ जवानों पर लाठी-डंडे और हथियार से हमला कर दिया था। यह देख स्टेशन मास्टर ऋषिकेश कुमार (35) ने अपने केबिन से ही अन्य पुलिस जवानों को आवाज लगाई।
केबिन में घुसकर मार दी गोली
स्टेशन मास्टर की आवाज सुनकर अपराधी केबिन में हथियार लेकर घुस गए और उनपर फायरिंग कर दी। इस दौरान आरपीएफ जवान लाठी लेकर गश्त कर रहे थे, इस कारण वे जवाबी कार्रवाई नहीं कर पाए। अपराधियों ने आरपीएफ जवानों पर भी फायरिंग कर दी। घटना के बाद वे आराम से चलते बने।
घायल स्टेशन मास्टर मूलरूप से पूर्णिया के डगरुआ के रहने वाले हैं। उन्हें इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया है।