पर्यटन स्थलों पर तैनात होगी स्मार्ट पुलिस, राज्य के महत्वपूर्ण स्थलों पर नजर
भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई जिलों में कई ऐसे धार्मिक/पर्यटन स्थल हैं। जहां विदेश और दूसरे राज्यों के पर्यटक बड़ी संख्या में आते हैं। इसकी सुरक्षा के लिए पुलिस ने तैयारी की है।
भागलपुर [बलराम मिश्र]। राजनीतिक कारणों से देश व विदेश में बिहार की छवि को बदनाम करने की लगातार कोशिश होती रही है। यही कारण है कि कई महत्वपूर्ण धार्मिक/पर्यटन स्थल होने के बावजूद पर्यटक यहां आना नहीं चाहते हैं। वहीं पुलिस को लेकर भी पर्यटकों में कई आशंकाएं हैं। अब पर्यटकों को लुभाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने रणनीति तैयार की है। इसके तहत धार्मिक/पर्यटन स्थलों से जुड़े थानों में सभ्य, सुसंस्कृत और अंग्रेजी में दक्ष पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को प्राथमिकता के आधार पर तैनात करने का निर्देश दिया है। मुख्यालय ने इसके लिए सभी जिलों के पुलिस कप्तान को निर्देश जारी किया है।
कार्यशाला चलाकर दक्ष करने का दिया है निर्देश
पुलिस कप्तानों को ऐसे पुलिस कर्मियों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं गुणात्मक सुधार के लिए साफ्ट स्किल्स की कार्यशाला चलाकर ट्रेंड करने को कहा गया है। ताकि उन्हें दक्ष बनाया जा सके। इनकी कार्यशैली में सुधार के लिए भी कई और निर्देश दिए हैं। अमूमन जिन स्थानों पर विदेशी पर्यटकों का हुजूम उमड़ता हैं। वहां पुलिस की तैनाती तो होती है। लेकिन पर्यटकों को कभी यदि परेशानी होती है तो बिहार पुलिस के साथ पर्यटकों थोड़े असहज महसूस करते हैं। इसका कारण है दोनों के बीच का आपसी समन्वय है। एक दूसरे की भाषा नहीं समझने के कारण इस तरह की परेशानी अक्सर आती है।
कई बार बदमाशों के कारण झेलनी पड़ी है फजीहत
कई बार सूबे के कई जिलों में बदमाशों ने विदेशी और दूसरे राज्यों से आए पर्यटक को निशाना बनाया है। इस कारण बिहार की छवि बाहर धूमिल हुई है। ऐसे ही बिहार के नाम से लोगों में डर और खौफ की बात सामने आती है। बिहार की छवि बाहर के लोगों में खराब है। इसके बिहार पुलिस ने भी स्वीकार किया है। इन सब कारणों से ही पुलिस ने छवि सुधार के लिए सकारात्मक पहल करने का निर्देश दिया है।
धार्मिक/पर्यटन स्थल जहां लगती है विदेशियों की जमघट
भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई जिलों में कई ऐसे धार्मिक/पर्यटन स्थल हैं। जहां विदेश और दूसरे राज्यों के पर्यटक बड़ी संख्या में आते हैं। इसमें भागलपुर में रविंद्र भवन (टिल्हा कोठी), जैन मंदिर, विक्रमशिला, बटेश्वर स्थान, जगतपुर, अजगैबी नाथ मंदिर बांका के मंदार पर्वत, मुंगेर का योग विश्वविद्यालय, जमुई का सिमुलतल्ला समेत कई स्थान हैं। जहां काफी संख्या में पर्यटक आते हैं। इसके अलावा श्रावणी मेला में सुल्तानगंज में काफी संख्या में दूसरे राज्यों और विदेशों के श्रद्धालुओं का जमावड़ा होता है।