नाथनगर क्षेत्र में घेराबंदी कर दो पक्षों में जमकर हुई गोलीबारी, कई जख्मी Bhagalpur News
भागलपुर के नाथनगर क्षेत्र में दो पक्षों में हुए गोलीबारी और पत्थरबाजी में कई लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार मामला जमीन विवाद का है।
भागलपुर [जेएनएन]। नाथनगर क्षेत्र उस समय थर्रा गया जब सुबह जमकर वहां फायरिंग हुई। फायरिंग की आवाज से लोग दहशत में आ गए। भतोरिया सहित आसपास के लोग डर गए। दो पक्षों में हुए विवाद में खूब गोली और पत्थरबाजी हुई।
जानकारी के अनुसार मधुसूदनपुर थानाक्षेत्र के भतोरिया गांव में गुरुवार सुबह जमीनी विवाद में दो पक्षों में जमकर गोलीबारी और पत्थरबाजी हुई। जिसमें पक्ष के सात लोग घायल हो गए। घटना सुबह पांच बजे की बताई जाती है। सूचना पाकर घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। घटना के बाद दोनों पक्षों के घायल लोग थाना पहुंचे।
यहां बता दें कि बुधवार की शाम में भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। जिसमें एक पक्ष ने थाने में आवेदन भी दिया था। पुलिस गोलीबारी की घटना से इनकार कर रही है। एक पक्ष के लोगों ने बताया कि गांव के सदानंद यादव, प्रदीप यादव, कुलदीप यादव, झुनाई यादव, रतन यादव, रामरूप यादव सहित दर्जनों लोगों ने सोए अवस्था में सुबह पांच बजे चारों तरफ से घेराबंदी कर गोलीबारी शुरू कर दी। इसका जवाब दूसरे पक्षों के लोगों ने दिया। फिर दोनों ओर से गोली और पत्थर चलने लगे।