रंगदारी नहीं दिया तो कटिहार में डॉक्टर के निजी क्लिनिक में घुसकर की गोलीबारी, एक बदमाश गिरफ्तार
कटिहार में रंगदारी नहीं देने पर डॉक्टर के क्लिनिक में घुसकर तीन बदमाशों ने गोलीबारी कर दी। हालांकि इसमें से एक को गिरफतार कर लिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही अन्य बदमाशों की गिरफतारी के लिए छापेमारी कर रही है।
जागरण संवाददाता, कटिहार। मुफस्सिल थाना हफलगंज पेट्रोल पंप के समीप डॉक्टर के अल्ट्रासाउंड क्लिनिक पर तीन बदमाशों ने बुधवार की रात फायरिंग कर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एक नामजद आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक डा. जेएल सिन्हा का हफलागंज में आवास सह अल्ट्रासाउंड क्लिनिक है।
जांच के दौरान फर्श पर पाए गए बुलेट के निशान
बुधवार की रात तीन बदमाश क्लिनिक पर पहुंचे। बदमाशों ने क्लिनिक के फर्श पर तीन गोलियां चलाई। फर्श पर बुलेट के निशान भी पाए गए हैं। गोली की आवाज सुनकर डाक्टर अपने आवास से बाहर निकले। फायरिंग करते हुए तीनों अपराधी पैदल ही फरार हो गए। चिकित्सक ने घटना की सूचना मुफस्सिल पुलिस को दूरभाष से दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व आरोपितों ने डाक्टर से चंदा मांगा था। घटना के पीछे रंगदारी नहीं देने को भी कारण बताया जा रहा है। पीड़ित चिकित्सक ने तीन नामजद सहित अज्ञात के विरूद्ध् प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने नामजद आरोपित हफलागंज निवासी सिद्धार्थ पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है।
वहीं, इस मामले को लेकर पूरे दिन शहर में तरह तरह की चर्चा होती रही। इसके साथ ही हाल के दिनों में शहर में अपराध का ग्राफ भी बढ गया है। लेकिन पुलिस अधिकारी लगातार छापेमारी और वाहन चेकिंग अभियान चलाने की बात कहते हैं।
हफलागंज पेट्रोल पंप के समीप एक निजी क्लिनिक पर बदमशों द्वारा गोली चलाए जाने की घटना हुई है। इस मामले में डॉक्टर के लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की गई है। एक नामजद को गिरफ्तार किया गया है। विकास कुमार, पुलिस अधीक्षक, कटिहार।