जल-जीवन-हरियाली यात्रा का सातवां चरण आज से, थोड़ी देर में बांका और भागलपुर जाएंगे CM नीतीश
गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी जल-जीवन-हरियाली यात्रा के सातवें चरण पर निकल रहे हैं। दो दिनों की इस यात्रा में वे बांका भागलपुर जमुई व मुंगेर जा रहे हैं।
पटना [स्टेट ब्यूरो]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार से हरियाली यात्रा के सातवें चरण पर निकलेंगे। दो दिनों की इस यात्रा के पहले दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री बांका और भागलपुर जाएंगे।
पहले बांका जाएंगे सीएम नीतीश
गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे मुख्यमंत्री बांका जिले के बौंसी प्रखंड के ग्राम लक्ष्मीपुर जाएंगे। वहां वे चांदन जलाशय क्षेत्र में वाटिका, सोलर लाइट एवं चांदन जलाशय क्षेत्र में सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन (आइबी) के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्यों का उद्घाटन करेंगे। साथ ही प्रदर्शनी भी देखेंगे।
भागलपुर में करेंगे समीक्षा बैठक
इसके बाद दोपहर 12.15 बजे मुख्यमंत्री भागलुपर के शाहकुंड प्रखंड के ग्राम पंचायत भुलनी जाएंगे। वहां वे पंचायत सरकार भवन, भुलनी के नजदीक दुर्गा पोखर के जीर्णोद्धार, वृक्षारोपण एवं सौदर्यीकरण का अवलोकन करेंगे। इसी पंचायत में 12.45 बजे मुख्यमंत्री जल-जीवन-हरियाली जागरूकता सम्मेलन करेंगे। आगे अपराह्न दो बजे भागलपुर के समाहरणालय सभाकक्ष में जल-जीवन-हरियाली की प्रमंडलीय समीक्षा करेंगे। समीक्षा बैठक में भागलपुर और बांका के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
शुक्रवार को जमुई व मुंगेर का कार्यक्रम
सातवें चरण की यात्रा के अगले दिन शुक्रवार को मुख्यमंत्री जमुई और मुंगेर जाएंगे। शुक्रवार को 11 बजे मुख्यमंत्री जमुई के गिद्धौर स्थित ग्राम पंचायत रतनपुर में कुसुमा आहर एवं ओलाई बीयर जीर्णोद्धार, सोख्ता निर्माण एवं वृक्षारोपण का अवलोकन करेंगे। इसके बाद मृदा संरक्षण योजना के तहत सिंचाई कुएं के निर्माण, जैविक खेती एवं कृषि में आधुनिक तकनीक के उपयोग का अवलोकन करेंगे साथ ही प्रदर्शनी देखेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 12.15 बजे मुंगेर के खडग़पुर स्थित भीम बांध जाएंगे। वहां भीम बांध स्थित गर्म जल उद्गम स्थल, कुंड, प्राकृतिक घने साल के जंगल एवं भीम बांध वन्य प्राणी आश्रयणी का भ्रमण करेंगे। साथ ही इको टूरिज्म के तहत भीम बांध पर विकसित की जा रहे पर्यटक सुविधाओं का अवलोकन करेंगे। आगे 1.30 बजे मुख्यमंत्री मुंगेर में जल-जीवन-हरियाली की प्रमंडलीय समीक्षा करेंगे। इस बैठक में मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई, खगडिय़ा एवं बेगूसराय के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।