आज से 'स्कूल आन मोबाइल' से पढ़ाई करेंगे बिहार के छात्र, जानिए भागलपुर के बच्चे क्या कह रहे?
आज से स्कूल आन मोबाइल से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। बिहार के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के एक ग्रुप ने इसे शुरू किया है। फेसबुक की मदद से वे बच्चों को पढ़ाएंगे। इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क बच्चों से...
जागरण संवाददाता, भागलपुर। कोरोना काल में स्कूलों में कक्षाएं स्थगित कर दी गई है। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं हो, इसके लिए सरकार की ओर से आनलाइन कक्षा संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार के स्तर से जहां दूरदर्शन पर मेरा दूरदर्शन मेरा विद्यालय कार्यक्रम के तहत बच्चों की पढ़ाई कराई जा रही है। वहीं, दूसरी ओर टीचर्स आफ बिहार ने भी बच्चों की आनलाइन पढ़ाई को लेकर सकारात्मक पहल शुरू किया है। मंगलवार से कक्षा पांच से दसवीं तक के छात्रों की आनलाइन कक्षा शुरू होगी। टीचर्स आफ बिहार के फेसबुक पेज स्कूल आन मोबाइल पर राज्य के अलग अलग जिलों के चुनिंदा शिक्षक बच्चों को पढ़ाएंगे। शिक्षकों की चयनित सूची में भागलपुर के पांच और बांका के छह शिक्षक शामिल हैं।
कक्षा पांच के लिए चयनित चार शिक्षकों की सूची में बांका रजौन की परणीता कुमारी भी शामिल हैं। परणीता पूरे राज्य के बच्चों को मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को हिंदी पढ़ाएंगी। कक्षा छह के बच्चों को भागलपुर बिहपुर की सुमोना रिंकू घोष जहां भूगोल पढ़ाएंगी, वहीं बांका बौंसी की रूबी कुमारी विज्ञान का ज्ञान देंगी। कक्षा सात के बच्चों को बांका बाराहाट के विनोद कुमार राय गणित, भागलपुर बिहपुर की कुमारी अर्चना संस्कृत, बांका की कविता कुमारी हिंदी और बांका के रवींद्र कुमार झा भूगोल पढ़ाएंगे।
कक्षा आठ के बच्चों को बांका के निखिलेश क्रांति इतिहास, भागलपुर की सुमोना रिंकू घोष नागरिक शास्त्र पढ़ाएंगी। कक्षा नौ के छात्रों को भागलपुर नाथनगर की शालिनी कुमारी इतिहास पढ़ाएंगी। कक्षा दसवीं के छात्रों को पढ़ाने के लिए चयनित शिक्षकों की सूची में भी भागलपुर के एक शिक्षक मिथिलेश कुमार शामिल हैं। मिथिलेश कुमार बच्चों को रसायन शास्त्र पढ़ाएंगे।
क्या कहती हैं शिक्षिका
टीचर्स आफ बिहार ग्रुप की स्थापना पटना के शिव कुमार ने की। इसमें बिहार के सभी जिलों के शिक्षकों को शामिल किया गया है। कोरोना की पहली और दूसरी लहर के दौरान भी हमलोगों ने विद्यालय बंद होने के बाद फेसबुक पेज पर अनलाइन क्लास का संचालन किया, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं हो। एक बार फिर विद्यालय बंद होने के बाद बच्चों के लिए आनलाइन क्लास शुरू की गई है। कोई भी बच्चे निर्धारित समय में फेसबुक पेज से जुड़ कर पढ़ाई कर सकेंगे। - सुमोना रिंकू घोष, शिक्षिका, भागलपुर