जगदीशपुर में पुलिस पर बालू माफिया ने किया हमला, हथियार छीनने का प्रयास
भागलपुर में पुलिस और बालू माफिया में हिंसक झड़प हो गई। पुलिस नदी घाट से अवैध खनन की सूचना पर वहां गई थी। लेकिन बालू माफिया पर पुलिस पर ही हमला कर दिया।
भागलपुर, जेएनएन। फतेहपुर गांव में बालू माफिया ने पुलिस टीम पर हमला कर उनके हथियार छीनने का प्रयास किया। पुलिस बुढिय़ा नदी घाट से अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई करने पहुंची थी। इस घटना में दारोगा अशोक सिंह, हवलदार मुमताज खान सहित चार सिपाहियों को चोट आई है। पुलिस को बालू माफिया ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस के वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसे लेकर दारोगा के बयान पर 10 नामजद व 20 अज्ञात बालू माफिया के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। मामले में वंदना देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मेडिकल कॉलेज में भर्ती किए गए जख्मी पुलिसकर्मी
दारोगा अशोक सिंह ने अपने बयान पर बजरंगी यादव, पंकज यादव, वंदना देवी, प्रदीप यादव, धारो यादव, विभाष यादव, सुमन यादव, राकेश यादव, विकास यादव व प्रह्लाद मंडल पर केस दर्ज किया है। इनके अलावा 20 अज्ञात को भी आरोपित किया गया है। इनके विरुद्ध सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घाट से तस्करों का पीछा करते हुए पहुंचे थे गांव
घटना की जानकारी होने पर एसएसपी आशीष भारती के निर्देश पर डीएसपी लॉ एंड आर्डर निसार अहमद शाह फतेहपुर गांव और बुढिय़ा नदी घाट पहुंचे। उन्होंने घटना के वक्त मौजूद अफसरों व अन्य कर्मियों से पूछताछ भी की है। दारोगा ने बताया कि सुबह बजरंगी यादव और पंकज यादव द्वारा घाट से तड़के अवैध बालू उठाव की सूचना मिली। वे दल-बल के साथ घाट पर पहुंचे तो वहां ट्रैक्टर में अवैध बालू लोड था। पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। उसे पीछा कर फतेहपुर गांव में पकड़ लिया। जब्ती की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस को घेरकर बुरी तरह पीटा
तब तक पुलिस के वाहन को उक्त आरोपितों ने घेर लिया और हमला कर दिया। दारोगा ने बताया कि वे लोग हरवे-हथियार से लैस थे। अचानक हुए हमले के कारण पुलिसकर्मी संभल नहीं सके। आरोपितों ने पुलिस पर पथराव भी किया। किसी तरह वे लोग वहां से पुलिस वाहन छोड़कर जान बचाकर भागे। इसके बाद जानकारी थानेदार संजय सत्यार्थी को दी गई। काफी संख्या में पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपित वहां से भाग निकले। आरोपितों में कइयों पर पूर्व से ही बालू तस्करी का केस दर्ज है।
पुलिस टीम पर बालू माफिया द्वारा हमला मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। - आशीष भारती, एसएसपी, भागलपुर