जेएलएनएमसीएच के आइसीयू में कोरोना पीडि़त महिला की मौत पर बवाल, डॉक्टर और नर्स पर भांजीं लाठियां
जेएलएनएमसीएच में कोरोना से पीडि़त महिला की मौत के बाद खूब बवाल मचा। स्वजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल में तोड़फोड़ भी की। इस दौरान वहां मौजूद डॉक्टर और नर्स को लाठी लेकर खदेड़ दिया।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) के आइसीयू में शुक्रवार की शाम चार बजे सबौर निवासी कोरोना पीडि़त महिला की मौत हो गई। इससे आक्रोशित स्वजनों ने वहां जमकर हंगामा किया। एसी को नुकसान पहुंचाया, शीशे भी तोड़ डाले। नर्स और डॉक्टर को भी लाठी से मारने का प्रयास किया। सुरक्षा गार्ड और पुलिस ने स्थिति को संभाला।
मरीज की स्थिति थी गंभीर
आइसीयू प्रभारी डॉ. महेश कुमार ने कहा कि स्वजन को पहले ही कह दिया गया था कि मरीज की स्थिति गंभीर है। बावजूद उनलोगों ने बवाल खड़ा कर दिया। ऐसी स्थिति में डॉक्टर और कर्मचारी कैसे काम करेंगे।
डॉ महेश ने बताया कि 15 मई को महिला को भर्ती किया गया था। मरीज के भाई ने कहा कि जीजा बंटी मंडल ने मौत की खबर दी तो आइसीयू आया। यहां पहले से ही हंगामा हो रहा था। मेरे साथ भी मारपीट की गई। बहन आइसीयू की बी-2 में भर्ती थी। हंगामा करने वाले एक व्यक्ति को बरारी पुलिस साथ ले गई।
अक्सर यहां हो रही इस तरह की घटना
जेएलएनएमसीएच में अक्सर इस तरह की घटना हो रही है। इसके बाद भी सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। इस तरह की घटना के बाद अस्पताल में कुछ देर तक अफरातफरी की स्थिति बन जाती है। इससे इलाज भी प्रभावित होता है। हर बार घटना के बाद अनदेखी की जा रही है। साथ ही लापरवाह डॉक्टरों पर भी कार्रवाई नहीं होती है। कार्रवाई के नाम पर केवल जांच करने की बात कही जाती है। इससे भी लोगों का आक्रोश बढ़ जाता है।हालांकि इस बार तत्पर्यता दिखाते हुए अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी डीएम और एसएसपी को दे दी गई है। आइसीयू के पास दो महिला और दो पुरुष जवानों की ड्यूटी लगाने का आग्रह किया गया है। - डॉ. असीम कुमार दास,
अस्पताल अधीक्षक