Road accident in Bhagalpur: अकबरनगर में पानी भरे खाई में गिरी स्कार्पियो, चार यात्री थे सवार, चालक ने कूदकर बचाई जान
भागलपुर में पानी भरे खाई में स्कार्पियो गिर गई। हादसा अकबरनगर के समीप हुआ। जिस वक्त यह हादसा हुआ उस समय स्कार्पियो पर चार यात्री सवार थे। चालक ने किसी तरह कूद कर जान बचाई। इसके बाद यात्रियों को...!
संवाद सूत्र, अकबरनगर। अकबरनगर-शाहकुंड मार्ग पर शनिवार की देर रात शाहकुंड की ओर से तेज रफ्तार में जा रही एक स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पानी से भरे खाई में जा गिरी। चालक ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। उसपर सवार चार यात्री बाढ़ के पानी-पानी में डूबते-डूबते बचे। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला।
सड़क किनारे रह रहे बाढ़ पीडि़तों ने बताया कि शनिवार देर रात स्कार्पियो मंझली पुल के पास अचानक अनियंत्रित होकर बाढ़ के पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। उस वक्त वहां मौजूद लोगों ने यह देख सोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद लोग जुटने लगे।
जेसीबी की मदद से बाहर निकाली गई स्कार्पियो
कुछ ही देर में देखते ही देखते वाहन पानी में समा गया। बाढ़ पीडि़तों ने बड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे चार लोगों को बाहर निकाला। हालांकि चालक ने पांच लोगों के वाहन में होने की बात बताई थी। स्कार्पियो में सवार सभी यात्री बांका जिला के निवासी बताए गए। इधर, रविवार की देर शाम पुलिस ने जेसीबी मंगाकर क्षतिग्रस्त स्कार्पियो को पानी से बाहर निकाला। सभी यात्रियों का इलाज शाहकुंड अस्पताल में किया गया। सभी का वहां पर इलाज चल रहा है। वहीं, हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। लोगों की मदद से ही सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मोटरसाइकिल दुर्घटना में युवक की मौत
संसू, शाहकुंड : प्रखंड के अकबरनगर-शाहकुंड मुख्य मार्ग स्थित साधपुर मोड़ के समीप रविवार की सुबह 9 बजे मोटरसाइकिल सवार दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चालक फतेहपुर गांव निवासी मुन्ना कुमार मंडल की मौत हो गई। इसकी जानकारी देते हुए शाहकुंड थानाध्यक्ष सह डीएसपी दिवेश ने बताया कि युवक को इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मामले को लेकर युवक की मां गायत्री देवी के बयान पर यूडी केस दर्ज किया गया है।