Road accident Banka : बंदी वाहन और ट्रक में जोरदार टक्कर, चालक की मौत, कई जख्मी
Road accident Banka बांका में मंगलवार की रात भीषण रोड हादसा हुआ। एक बंदी वाहन और ट्रक में भीषण टक्कर हो गई। इस घटना में बंदी वाहन चालक की मौत हो गई है। कई होमगार्ड जवान से जख्मी हो गए हैं।
जागरण संवाददाता, बांका। Road accident Banka :बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के रामपुर के पास मंगलवार की रात्रि सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक कैदी वाहन के टकरा जाने से उसके चालक देवेंद्र पंडित की मौत हो गई तथा दो सिपाही व दो चौकीदार घायल हो गए। पुलिस ने ट्रक संख्या जेएच 02 एन 6414 सहित दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। ट्रक के ड्राइवर व खलासी भागने में सफल रहे। पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रेमा देवी के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार कैदी वाहन करीब दो दर्जन कैदियों को मुंगेर केंद्रीय कारा स्थित कवारंटाइन सेंटर पहुंचाकर वापस बांका लौट रहा था। उसी दौरान लगभग 1.30 बजे रात्रि को बांका जिले के अमरपुर थाने के रामपुर गांव के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक से वाहन टकरा गया। इससे उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उस पर सवार चालक, दो सिपाही व दो चौकीदार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इनमें सिपाही रविन्द्र कुमार, बलराम कुमार तथा रजौन थाना के चौकीदार देवेंद्र पासवान व नवल किशोर पासवान शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल भागलपुर स्थित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। वह बांका थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव के थे। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
चौकीदार नवल किशोर पासवान ने बताया कि कैदी वाहन पर आठ लोग सवार थे। अन्य सिपाहियों व चौकीदारों को भी चोटें आई हैं।
चालक के शव दाह संस्कार के लिए सात हजार नगद मुहैया कराया गया है। उसके स्वजन को मुआवजे की राशि के रूप में चार लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके बाद अनुकंपा के आधार पर मृतक के एक सदस्य को होमगार्ड में नौकरी दी जाएगी। जिलाधिकारी सुहर्ष भगत से इस संबंध में बातचीत हो गई है। एक सप्ताह के अंदर सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। - अरविंद कुमार गुप्ता, एसपी, बांका