Road accident Banka and Lakhisarai : ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत, मधेपुरा के आठ श्रद्धालु बांका में जख्मी
लखीसराय के सड़क किनारे पलटा ट्रैक्टर दबकर चालक की मौत। बांका के कटोरिया-चांदन पक्की सड़क पर शुक्रवार सुबह गोनोवारी के तीखे मोड़ पर एक ऑटो और ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई। इस घटना को लेकर स्वजन काफी सदमे में हैं।
जागरण संवाददाता, लखीसराय/बांका। शुक्रवार को लखीसराय के हलसी थाना क्षेत्र के कोली-नादियावां नहर पर बनी सड़क पर परसावां गांव के सामने चालक का संतुलन बिगड़ जाने से एक ट्रैक्टर नहर में लुढ़ककर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रैक्टर इंजन के नीचे दबकर चालक मुरधक मांझी की मौके पर मौत हो गई। वह रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के चमघारा गांव निवासी महेंद्र मांझी का पुत्र था। ट्रैक्टर पर अन्य कई लोग सवार थे जो बाल-बाल मच गए। सूचना के बाद पुलिस ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लखीसराय स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक मुरधक मांझी जमुई जिले के सिकंदरा स्थित चिमनी भट्ठा से ट्रैक्टर संख्या बीआर-46जी-7285 पर ईंट लादकर हलसी थाना क्षेत्र के कोली गांव गिराने गया था। कोली गांव में ईंट गिराने के बाद वह पुन: सिकंदरा चिमनी भट्ठा पर वापस लौट रहा था कि रास्ते में उसका संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे गहरे नहर में लुढ़क गया। चालक मुरधक ट्रैक्टर के नीचे ही दब गया जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी मिलते ही हलसी के थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिन्हा, पुलिस अवर निरीक्षक बृजलाल प्रसाद एवं रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार पाठक पुलिस बल के साथ पहुंचे और जेसीबी से ट्रैक्टर को उठाकर चालक के शव को बाहर निकाला। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। ट्रैक्टर पर सवार अन्य लोग बाल-बाल बचते हुए वहां से भाग निकला।
मुंडन संस्कार कराने जा रहे मधेपुरा के आठ श्रद्धालु जख्मी
बांका के कटोरिया-चांदन पक्की सड़क पर शुक्रवार सुबह गोनोवारी के तीखे मोड़ पर एक ऑटो और ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई। इस घटना में ऑटो पर सवार आठ श्रद्धालु जख्मी हो गए। जिसमे दो हालत काफी नाजुक बताया जाता है। स्थानीय पीएचसी में इलाज के बाद सभी जख्मी को देवघर रेफर कर दिया गया है। टक्कर के बाद चालक अपना ट्रक लेकर भाग गया। सभी जख्मी मधेपुरा जिले के बाराटोनी, थाना किसुनगंज निवासी हैं। जानकारी के अनुसार उक्त सभी लोग सुल्तांगज से गंगा घाट से स्नान के बाद मुंडन संस्कार कराने देवघर जा रहे थे। इसी क्रम में उक्त स्थान पर देवघर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने ऑटो को सामने से टक्कर मार दिया। जिससे ऑटो पर सवार चंदिला देवी, अमरजीत कुमार, विकास कुमार, लालमणि शर्मा, राजो सिंह, रूबी कुमारी, किरण देवी एवं यशोदा देवी जख्मी हो गयी। जिसे बाद में ग्रामीणों की मदद से अस्पताल लाया गया। जहां। राजो सिंह और किरण देवी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर ऑटो को जब्त कर लिया है। जबकि ट्रक का पता लगाया जा रहा है।